आज की खबरें: हरिद्वार जनपद की ताजा खबरें ,यहां देखें
1 min readकांवड़ मेले में दुकानदारों से मारपीट और तोड़फोड़ की घटना से व्यापारी आक्रोशित
हरिद्वार: कांवड़ मेले में दुकानदारों से मारपीट और तोड़फोड़ की घटना से व्यापारी आक्रोशित हैं। व्यापारियों ने आज जिलाध्यक्ष संजीव नैयर की अध्यक्षता में एक बैठक आयोजित की और प्रशासन से व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। संजीव नैयर ने कहा कांवड़ मेले में उत्पाती तत्वों द्वारा लगातार आम लोगों दुकानदारों से मारपीट व वाहनों में तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आ रही हैं।अभी तक कहीं भी ऐसा नहीं हुआ कि व्यापारियों ने कांवड़ियों से विवाद या दुर्व्यवहार किया हो, इससे ये साफ है कि व्यापारी बहुत सयंम से काम ले रहा है। लेकिन मारपीट की घटनाएं जारी रही तो व्यापार मण्डल स्वयं ऐसी घटनाओं से निपटेगा जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। बैठक में मेला सीओ नीरज सेमवाल ने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि पुलिस प्रशासन लगातार उद्दंडी तत्वों पर कार्रवाई कर रहा है और व्यापारियों को प्रशासन पर भरोसा रखना चाहिए। बैठक में शहर अध्यक्ष राजीव पाराशर, महामंत्री अमन शर्मा जिला महामंत्री प्रदीप कालरा, कमल बृजवासी, राजेन्द्र जैन, हिमांशु गुप्ता, माधव बेदी, राजेश खुराना, आशु वर्मा, संदीप शर्मा, राकेश खन्ना, राजेश पुरी, नागेश वर्मा, राहुल शर्मा सहित अनेक व्यापारी मौजूद रहे।
उपद्रवियों के खिलाफ सख्त कारवाई करें पुलिस- संजीव चौधरी
हरिद्वार: राष्ट्रीय व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष संजीव चौधरी ने आज प्रेस को जारी एक बयान में कहा कि कांवड़ियों के भेष में जिस प्रकार से कुछ उपद्रवी आकर हरिद्वार के व्यापारियों को परेशान कर रहे हैं और उनका उत्पीड़न कर रहे हैं। उनके साथ मारपीट कर रहे हैं साथ ही साथ शहर के आम नागरिकों के साथ भी दुर्व्यवहार कर रहे हैं इस पर पुलिस प्रशासन को सख्ती से का काम लेना चाहिए। चौधरी ने कहा कि कांवड़ यात्रा देश की एक बहूत ही पवित्र यात्रा है लेकिन कुछ उपद्रवी लोग भी इस भीड़ में शामिल होकर की यात्रा को बदनाम करने का प्रयास करते हैं चौधरी ने मेला प्रशासन से ऐसे लोगों से सख़्ती से निपटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यदि व्यापारी भी अपनी रक्षा में भी जवाब देने लगा तो माहौल बिगड़ने में ज़रा भी देर नहीं लगेगी इसलिए ऐसे लोगों पर सख़्त से सख़्त कार्रवाई होनी चाहिए।
गेट लगाने के समर्थक परिवारों ने की नगर विधायक से कारवाई की मांग
हरिद्वार: कोतवाली ज्वालापुर क्षेत्रान्गर्त आर्यनगर स्थित मयूर विहार कालोनी में गेट लगाने के समर्थक परिवारों ने मामले में नगर विधायक मदन कौशिक से मिलकर कालोनी में गेट लगवाने की मांग की है। उधर कल हुई मारपीट में एक पक्ष की ओर से छेड़-छाड़, मारपीट, जान से मारने की धमकी के आरोप में त्यागी एसोसिएटस के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।इस मारपीट में पंजाबी समाज के पूर्व अध्यक्ष परमानंद पोपली भी घायल हो गए थे।जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।आर्यनगर स्थित म्यूर विहार कालोनी में गेट लगाने को लेकर विवाद चल रहा है।कालोनी वाले अवांछनीय लोगों की कालोनी में रोकथाम के लिए कालोनी में गेट लगाना चाहते हैं लेकिन गेट के स्थल को लेकर विवाद है। पंजाबी समाज के पूर्व अध्यक्ष परमानंद पोपली का कहना है कि मयूर विहार के लिए लग रहा गेट मयूर विहार की सीमा में लगना चाहिए,जबकि उसे आर्यनगर की सीमा में लगाया जा रहा है। वहीं आर्यनगर निवासी संदीप अरोड़ा ने गेट के कारण अपने घर का आवागमन बाधित करने का आरोप लगाया है। ज्वालापुर कोतवाल अमरजीत सिंह ने बताया कि एक पक्ष की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। वीडियो फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपियों को चिन्हित कर रही है। उधर दूसरा पक्ष भी तहरीर देने की तैयारी मेें है,बताया जा रहा है।
बीएचईएल ने डिस्पैच किया 800मेगावाट सुपर क्रिटिकल जनरेटर स्टेटर
हरिद्वार: बीएचईएल हरिद्वार ने अडानी पावर लिमिटेड की मध्य प्रदेश स्थित महान परियोजना के लिए, पहले जनरेटर स्टेटर का निर्माण कार्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है। 800 मेगावाट क्षमता के इस सुपर क्रिटिकल टर्बाे जनरेटर स्टेटर की आज आपूर्ति की गई।बीएचईएल हरिद्वार के महाप्रबंधक एवं प्रमुख रंजन कुमार तथा अडानी पावर लिमिटेड के महाप्रबंधक आदर्श सक्सेना ने हरी झंडी दिखाकर स्टेटर को रवाना किया।इस अवसर पर अपने सम्बोधन में रंजन कुमार ने कहा कि 465टन वजनी इस स्टेटर का सफलतापूर्वक निर्माण, संस्थान के सभी कर्मचारियों की कड़ी मेहनत एवं लगन का नतीजा है। उन्होंने कहा कि इस उपलब्धि के साथ ही बीएचईएल हरिद्वार ने थर्मल सेट उत्पादन के क्षेत्र में,अपनी तकनीकी दक्षता तथा कौशल को एक बार फिर साबित कर दिया है। आदर्श सक्सेना ने स्टेटर की आपूर्ति के लिए, बीएचईएल का आभार व्यक्त किया। उल्लेखनीय है कि बीएचईएल को अडानी पावर लिमिटेड से महान परियोजना के लिए कुल 14सेट्स की आपूर्ति का महत्वपूर्ण आर्डर प्राप्त हुआ था। इस आर्डर के अंतर्गत बाकी सेट्स की आपूर्ति भी समयानुसार की जाएगी। इस अवसर पर महाप्रबंधकगण,वरिष्ठ अधिकारी,कर्मचारी तथा यूनियन एवं एसोसिएशन के प्रतिनिधि आदि उपस्थित थे।
