Mukti Mod News

सच की रहा पर सबसे आगे

हरिद्वार, उत्तराखंड:  हरिद्वार जनपद में आज की ताजा खबरें, यहां देखें

1 min read
Listen to this article

क्षतिग्रस्त पुलिया और बाउंड्री के निर्माण की मांग

ज्वालापुर/हरिद्वार। उपनगरी ज्वालापुर की पांवधोई में बड़ी सड़क के किनारे स्थित नाले के पूरी तरह क्षतिग्रस्त होने से स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्र के लोग लंबे समय से नाले की पुलिया और बाउंड्री दीवार के निर्माण की मांग कर रहे हैं।

​भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के पूर्व मंडल अध्यक्ष मुनव्वर कुरैशी ने जनहित में नाले के निर्माण की मांग उठाते हुए कहा कि क्षतिग्रस्त नाले के कारण कभी भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है। नाले में बह रहे गंदे पानी और कूड़ा-करकट से आसपास का इलाका प्रदूषित हो रहा है। कुरैशी ने बताया कि बाउंड्री दीवार न होने से नाले का दायरा लगातार बढ़ रहा है, जिससे स्कूली बच्चों और राहगीरों के गिरने का खतरा बना रहता है। नाले की पुलिया भी कमजोर हो चुकी है, जिससे वाहनों की आवाजाही में दिक्कतें आ रही हैं।

​मुनव्वर कुरैशी ने प्रशासन से नाले की सफाई और मरम्मत कार्य जल्द से जल्द शुरू करने की मांग की। क्षेत्रवासियों, जिनमें हाजी सुलेमान, रहमान महाराज, फरमान, अनीस उस्मान, बाबूराम और अनीश शामिल हैं, ने भी प्रशासन से नाले का निर्माण और पुलिया की मरम्मत अतिशीघ्र शुरू करने की अपील की है। उनका कहना है कि नाले की बाउंड्री दीवार और पुलिया निर्माण के बिना समस्या का समाधान संभव नहीं है, क्योंकि यह मुद्दा लोगों की सुरक्षा और स्वच्छता से जुड़ा है।

महामृत्युंजय मठ चोरी प्रकरण: 15 दिन बाद भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं, महामण्डलेश्वर ने जताया रोष

हरिद्वार। कनखल स्थित महामृत्युंजय मठ में लाखों रुपये की चोरी के आरोपी आश्रम के कोठारी की गिरफ्तारी न होने पर मठ के परमाध्यक्ष महामंडलेश्वर स्वामी यमुनापुरी महाराज ने रोष व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि चोरी की घटना को 15 दिन बीत गए हैं, लेकिन पुलिस अभी तक आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर पाई है।

​स्वामी यमुनापुरी महाराज ने बताया कि 10 अक्तूबर को आश्रम का कोठारी वैराग्य पुरी आश्रम से लाखों रुपये नकद और सामान चोरी कर फरार हो गया था। उसी दिन पुलिस में घटना की रिपोर्ट दर्ज करा दी गई थी। पुलिस ने मौके पर आकर जांच पड़ताल की थी और आरोपी वैराग्य पुरी को जल्द गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया था।

महामंडलेश्वर ने चेतावनी दी कि यदि पुलिस ने जल्द से जल्द वैराग्य पुरी को गिरफ्तार कर चोरी किया गया धन और सामान बरामद नहीं किया, तो इसकी शिकायत अखाड़ा परिषद अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी, महामंत्री श्रीमहंत हरि गिरी और मुख्यमंत्री से की जाएगी।

प्रतीक्षालय और ‘नेकी का घर’ दुर्दशा के शिकार, असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई की मांग

ज्वालापुर। क्षेत्र की जनता की सुविधा के लिए भाजपा पार्षद अनुज सिंह द्वारा बनवाया गया प्रतीक्षालय और जरूरतमंदों के लिए शुरू किया गया ‘नेकी का घर’ अब दुर्दशा का शिकार हो गए हैं। स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने इन सुविधाओं की खराब स्थिति पर गहरी नाराजगी जताई है और व्यवस्थाएं सुधारने की मांग की है।

​सुंदर प्रतीक्षालय अब भिखारियों का डेरा और असामाजिक तत्वों की करतूतों का शिकार बन गया है। इस भव्य प्रतीक्षालय का निर्माण बुजुर्गों, महिलाओं, स्कूली बच्चों और राहगीरों को बैठने और आराम करने की सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से किया गया था। लेकिन अब असामाजिक तत्वों द्वारा कुर्सियां तोड़ दी गई हैं और गंदगी ने जगह को बदहाल कर दिया है।

​इसी तरह, गरीब और असहाय लोगों की मदद के लिए बनाया गया ‘नेकी का घर’, जहां से जरूरतमंद कपड़े, जूते और अन्य सामान ले सकते थे, अब बंद हो चुका है। विवादों और गंदगी के चलते ‘नेकी के घर’ के बाहर गंदे कपड़ों के ढेर जमा हो गए हैं, जिससे ज़रूरतमंदों को दिक्कत हो रही है।

स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने प्रशासन से असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कदम उठाने, प्रतीक्षालय की मरम्मत और सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ ही ‘नेकी के घर’ को फिर से शुरू करने और उसकी देखरेख के लिए उचित व्यवस्था करने की अपील की है।

सिंधी धर्म गुरू सांई चांडूराम साहिब की अस्थिया होंगी गंगा में विसर्जित

हरिद्वार। आसूदाराम आश्रम लखनऊ के पीठाधीश्वर एवं सिंधी धर्म गुरू सांई चांडूराम साहिब की अस्थियां शनिवार, 25 अक्तूबर को पूर्ण विधि-विधान से वीआईपी घाट पर गंगा में विसर्जित की जाएंगी।

​सिंधी समाज के प्रवक्ता ओमप्रकाश ओमी ने बताया कि पूज्य सांई चांडूराम साहिब 15 अक्तूबर को लखनऊ में ब्रह्मलीन हो गए थे। शनिवार को उनकी पुण्य स्मृति अस्थि कलश यात्रा हरिद्वार पहुंचेगी। इस यात्रा में उनके पुत्र सांई मोहनलाल व साई हरीशलाल के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालुजन भी हरिद्वार आएंगे। संत समाज की मौजूदगी में पूरे विधि-विधान से ब्रह्मलीन सांई चांडूराम साहिब का अस्थि कलश वीआईपी घाट पर गंगा में विसर्जित किया जाएगा।

​ओमप्रकाश ओमी ने कहा कि ब्रह्मलीन सांई चांडूराम साहिब पूरे समाज के प्रेरणा स्रोत थे और उनके ब्रह्मलीन होने से समाज को अपूर्णीय क्षति हुई है। उन्होंने कहा कि उनकी शिक्षाएं सदैव समाज का मार्गदर्शन करती रहेंगी।

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *