हरिद्वार जनपद में आज दिनभर की ताजा खबरें यहां देखें
1 min read
मेयर किरण जैसल ने हरी झंडी दिखाकर किया कूड़ा वाहनों को रवाना
हरिद्वार। शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लगाए गए तेरह अतिरिक्त कूड़ा वाहनों को मेयर किरण जैसल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।मेयर कार्यालय से वाहनों को रवाना करने के दौरान उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी,सेनेटरी इंस्पेक्टर संजय शर्मा, अतिक्रमण हटाओ दस्ते के प्रभारी आदित्य,आशु वर्मा,प्रदीप त्यागी,मेयर प्रतिनिधि सुभाषचंद सहित समस्त चालक परिचालक मौजूद रहे।मेयर किरण जैसल ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में निरंतर सफाई अभियान चलाया जा रहा है।शहर को गंदगी मुक्त और स्वच्छ सुन्दर रखना नगर निगम की नैतिक जिम्मेदारी है। इसी क्रम में शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए अतिरिक्त कूड़ा वाहन लगाए गए हैं।जिससे वार्डो में कूड़ा उठाने के कार्य में तेजी आएगी और सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने में मदद मिलेगी।उन्होंने लोगों से सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने में सहयोग की अपील करते हुए कहा कि घरों और प्रतिष्ठानों से निकलने वाला कूड़ा इधर उधर ना फेंके और नियत स्थान पर ही डालंे।जिससे वाहनों द्वारा आसानी से कूड़ा उठाया जा सके।हरिद्वार धर्म नगरी है और देश-विदेश से श्रद्धालु यहां आते हैं।ऐसे में शहर की स्वच्छता बनाए रखने में सभी की सहभागिता जरूरी है।जिससे बाहर से आने वाले श्रद्धालु और पर्यटक हरिद्वार क
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दी मुंशी हरिप्रसाद टम्टा को श्रद्धांजलि

हरिद्वार। मुंशी हरिप्रसाद टम्टा की पुण्यतिथि पर जिला महानगर कांग्रेस कमेटी द्वारा देवपुरा स्थित पं.गोविंद वल्लभ पंत पार्क में उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गयी। श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए जिला महानगर कांग्रेस अध्यक्ष अमन गर्ग और स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी प्रकोष्ठ के अध्यक्ष मुरली मनोहर ने कहा कि मुंशी हरिप्रसाद टम्टा ने जीवनभर समाज सुधारक की भूमिका निभाई और वंचितों की आवाज बनकर समाज में काम किया।वरिष्ठ नेता महेश प्रताप राणा और एससी विभाग के जिला अध्यक्ष तीर्थपाल रवि ने कहा कि मुंशी हरिप्रसाद टम्टा का जीवन समाज में शिक्षा का प्रचार प्रसार कर कुरीतियों को दूर करने की प्रेरणा देता है।महानगर कांग्रेस महासचिव राजीव भार्गव और श्रमिक नेता वीरेंद्र श्रमिक ने कहा कि मुंशी हरिप्रसाद टम्टा ने पहाड़ों में शिक्षा का प्रचार प्रसार कर समाज में वंचितों को समानता का अधिकार दिलाने का काम किया।श्रद्धांजलि देने वालांेे में अरूण राघव, मनीराम बागड़ी,सतेंद्र वर्मा,पार्षद सोहित सेठी,हिमांशु राजपूत,सुरेन्द्र ठाकुर,मुन्ना मास्टर, राजकुमार,सोनू शर्मा,सूरज मांझी सहित कई कार्यकर्ता शामिल रहे।
जोमैटो कर्मचारियों ने लगाया उत्पीड़न का आरोप,भूख हड़ताल की चेतावनी दी

हरिद्वार।जोमैटो कर्मचारियों ने कंपनी की नई नीतियों और सुपर मेडल जैसे कड़े नियमों का विरोध करते हुए भूख हड़ताल की चेतावनी दी है।सोमवार को प्रेस क्लब में पत्रकारों से वार्ता करते हुए कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि कंपनी उनका शोषण कर रही है,और विरोध में आवाज उठाने पर काम से निकालने की धमकी दी जाती है।जोमैटो कर्मचारी नेमचंद,सिरंजीत ,रवि कुमार,रवि पाल,हरचरण सिंह,चेतन,विकास,आकाश,अंकित ने कहा कि कंपनी ने हाल ही में सुपर मेडल नाम से एक नया नियम लागू किया है।उन्होंने आरोप लगाया कि 10किलोमीटर की दूरी के लिए कंपनी मात्र 23मिनट का समय देती है।यदि रास्ते में रेलवे फाटक बंद हो या जाम लगा हो,तो 7-8मिनट की देरी होने पर भी कर्मचारी के 10पॉइंट काट दिए जाते हैं। पॉइंट कम होने पर कर्मचारी की रेटिंग गिर जाती है,जिससे उन्हें पूरे दिन में केवल 3-4 घंटे ही ड्यूटी मिल पाती है। इससे उनकी मासिक आय पर गहरा असर पड़ा है। कैश ऑर्डर के मामले में यदि ग्राहक स्वयं ऑर्डर रद्द करने का मैसेज करता है,तब भी कंपनी कर्मचारी के खाते से पैसे काट लेती है।नेमचंद ने कहा कि बाइक हमारी है,पेट्रोल हमारा है और मेहनत भी हमारी है।लेकिन कंपनी हमें आज भी 5-6साल पुराने रेट 7-8 रुपये प्रति किलोमीटर पर काम करवा रही है।इस महंगाई के दौर में बच्चों का भविष्य अंधकार में है।उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि दुर्घटना की स्थिति में बीमा का लाभ लेने के लिए भी कर्मचारियों को लंबी कानूनी लड़ाई लड़नी पड़ती है।कर्मचारियों का आरोप है कि उन्हें आवाज़ उठाने पर आईडी टर्मिनेट करने की धमकियां दी जा रही हैं।नेमचंद ने सीधे तौर पर कंपनी के अधिकारियों और टीम लीडर पर आरोप लगाया कि उन्हें मीडिया के सामने आने पर ब्लैकलिस्ट करने की चेतावनी दी गई है।नेमचंद ने कहा कि वे आज से अनशन शुरू कर रहे हैं।यदि इस दौरान उन्हें कुछ भी होता है,तो इसकी पूरी जिम्मेदारी कंपनी और संबंधित अधिकारियों की होगी।वार्ता के दौरान मौजूद जागृति परमार्थ न्यास की राष्ट्रीय अध्यक्ष वंदना गुप्ता ने कंपनी नियमों के अनुसार कर्मचारियों को सुविधा दे।कर्मचारियों का उत्पीड़न सहन नहीं किया जाएगा।यदि उत्पीड़न पर रोक नहीं लगी तो आंदोलन किया जाएगा।
सौभाग्य से प्राप्त होता है गंगा तट पर संतों का सानिध्य-स्वामी हरिचेतनानंद

गुरू ही परमात्मा का दूसरा स्वरूप हैं-स्वामी संतोषानंद सरस्वती
हरिद्वार। भारतमातापुरम स्थित एकादश रूद्र पीठ में वार्षिक महोत्सव पर संत समागम एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।आश्रम के परमाध्यक्ष महामंडलेश्वर राजगुरू स्वामी संतोषानंद सरस्वती के संयोजन में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महामंडलेश्वर स्वामी हरिचेतनानंद ने कहा कि गंगातट पर संतों का सानिध्य सौभाग्य से प्राप्त होता है। मोक्षदायिनी मां गंगा के दर्शन और गंगा जल से आचमन करने मात्र से ही जीवन बदल जाता है। स्वामी हरिचेतनानंद ने कहा कि महामंडलेश्वर राजगुरू स्वामी संतोषानंद सरस्वती महाराज भक्ति और ज्ञान प्रदान कर भक्तों के कल्याण का मार्ग प्रशस्त करने के साथ सनातन के प्रचार प्रसार में अहम भूमिका निभा रहे हैं।महामंडलेश्वर राजगुरू स्वामी संतोषानंद सरस्वती महाराज ने सभी संत महापुरूषों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि गुरू ही परमात्मा का दूसरा स्वरूप हैं।गुरू के दिखाए मार्ग पर चलने वाले शिष्य का कल्याण अवश्य होता है। उन्होंने कहा कि आश्रम की सेवा परंपरा को निरंतर आगे बढ़ाते हुए मानव कल्याण कल्याण करना ही उनका उद्देश्य है।स्वामी रविदेव शास्त्री एवं स्वामी हरिहरानंद ने कहा कि निर्मल जल के समान जीवन व्यतीत करने वाले स्वामी संतोषानंद महाराज का त्याग और तपस्या से परिपूर्ण सभी भक्तों के लिए प्रेरणादायी है।स्वामी संतोषानंद महाराज की प्रेरणा से उनके भक्त जिस प्रकार समाज के जरूरतमंद वर्ग की सेवा में योगदान कर रहे हैं,वह अत्यन्त सराहनीय है।स्वामी हरिचेतनानंद,महंत राघवेंद्र दास,स्वामी जगतेश्वरानंद,स्वामी रविदेव शास्त्री,स्वामी हरिहरानंद,स्वामी दिनेश दास,महंत सूर्यांश मुनि,स्वामी सुतिक्ष्ण मुनि,स्वामी कमलेशानन्द,महंत जमनादास सहित सभी तेरह अखाड़ों के संत महापुरूष एवं श्रद्धालु मौजूद रहे।इस दौरान राज्यमंत्री डा.जयपाल सिंह चौहान एवं रामलखन शर्मा,अंकित,प्रीतपाल सिंह,राजावत,सीता भिंड ,धीरेंद्र भटाना,जगमोहन श्रीवास्तव,अनिल राही,माला श्रीवास्तव,राजीव मिश्रा आदि कवियों को सम्मानित किया गया।
