उत्तराखंड समाचार: यहां देखो,आज के प्रमुख समाचार
1 min read
हरिद्वार: अक्षय तृतीया पर ‘राम रसोई’ का भव्य शुभारंभ, श्रद्धालुओं को मिलेगा निःशुल्क भोजन
हरिद्वार। अक्षय तृतीया के पावन पर्व पर सन्यास रोड स्थित रामेश्वर आश्रम धाम में ‘राम रसोई’ की शुरुआत की गई। इसका उद्घाटन आश्रम के परमाध्यक्ष महामंडलेश्वर स्वामी रामेश्वरानंद सरस्वती, आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी विशोकानंद, और कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक सहित अन्य गणमान्य संतों ने दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर स्वामी रामेश्वरानंद ने कहा कि अयोध्या की ‘सीता रसोई’ की तर्ज पर हरिद्वार में भी श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए यह पहल की गई है, जहाँ भक्तों को दिनभर भोजन प्रसाद उपलब्ध कराया जाएगा। कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक और श्रीमहंत रविंद्रपुरी ने इसे संतों की एक सराहनीय पहल बताया, जिससे तीर्थनगरी आने वाले यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। कार्यक्रम में संचालक गौरव भारद्वाज ने अतिथियों का स्वागत किया। इस दौरान धनंजय, राहुल और अमित सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।
देहरादून: जिला प्रशासन की बड़ी कार्रवाई; अवैध रिफिलिंग करते 327 सिलेंडर जब्त

देहरादून। जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देश पर जिला प्रशासन की क्यूआरटी टीम ने गैस की कालाबाजारी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने निरंजनपुर सब्जी मंडी के पास एक बंद पड़े पेट्रोल पंप पर छापेमारी कर 327 सिलेंडरों से लदे एक वाहन को कब्जे में लिया है।
छापेमारी के दौरान मौके से 32 घरेलू और व्यावसायिक सिलेंडर सहित रिफिलिंग उपकरण भी बरामद किए गए। वाहन चालक मौके से फरार हो गया, जबकि जांच में पता चला कि गैस को अवैध रूप से महंगे दामों पर बेचने की योजना थी। पुलिस ने थाना पटेल नगर में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। जिलाधिकारी ने सख्त चेतावनी दी है कि जनसुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले और कालाबाजारी में संलिप्त लोगों के खिलाफ निरंतर अभियान जारी रहेगा।
लाल चंदन लाल सेवा सदन में निःशुल्क चिकित्सा शिविर, 80 से अधिक मरीजों ने उठाया लाभ

हरिद्वार। खड़खड़ी स्थित लाल चंदन लाल सेवा सदन में रविवार को एक निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। ‘रोगी केयर संस्था’ के सहयोग से आयोजित इस शिविर में हृदय रोग, पेट रोग और न्यूरोपैथी से संबंधित मरीजों की जांच की गई।
शिविर में डॉ. रोहित कुमार और उनकी टीम ने मरीजों को परामर्श देने के साथ-साथ निःशुल्क दवाएं, ईसीजी और रक्त जांच की सुविधा भी प्रदान की। डॉ. रोहित ने बताया कि संस्था हृदय रोगियों के लिए 24 घंटे समर्पित है। स्थानीय पार्षद महावीर वशिष्ठ और नितिन गुप्ता की देखरेख में आयोजित इस कैंप में 80 से अधिक लोगों ने स्वास्थ्य लाभ लिया। इस मौके पर तरुण शर्मा, गौरव वर्मा और ऋषभ वशिष्ठ सहित कई स्वयंसेवक मौजूद रहे।
