हरिद्वार संक्षिप्त: हरिद्वार जनपद में आज की प्रमुख ख़बरें, यहां देखें
1 min read
हीटवेव अलर्ट: स्कूलों के समय में हुआ बदलाव
बढ़ती गर्मी और लू (Heatwave) के खतरे को देखते हुए जिलाधिकारी ने 27 अप्रैल से 26 मई 2026 तक स्कूलों के समय में बदलाव के आदेश जारी किए हैं।
- कक्षा 5 तक: प्रातः 7:30 से दोपहर 12:00 बजे तक।
- कक्षा 6 से 12 तक: प्रातः 7:30 से दोपहर 12:30 बजे तक। स्कूलों में ‘वॉटर बेल’ बजाने और ओआरएस (ORS) की उपलब्धता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए हैं।
चारधाम यात्रा: युद्धस्तर पर सुधारी जा रही हैं सड़कें

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर हरिद्वार में सीवरेज कार्य के लिए खोदी गई सड़कों की मरम्मत का काम दिन-रात किया जा रहा है। पेयजल निगम की परियोजना प्रबंधक मीनाक्षी मित्तल ने बताया कि केएफडब्ल्यू वित्त पोषित योजना के तहत पैकेज-01 और पैकेज-02 में बीते एक दिन में 670 मीटर सड़क का पुनर्निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया गया है, ताकि तीर्थयात्रियों और स्थानीय जनता को आवागमन में कोई असुविधा न हो।
सड़क सुरक्षा: नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में जिलाधिकारी ने एनएचएआई और लोनिवि को सितंबर तक सभी सड़कों को गड्ढा मुक्त करने और खराब स्ट्रीट लाइटों को ठीक करने के निर्देश दिए। परिवहन विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, जनवरी से मार्च 2026 तक बिना हेलमेट, ओवरस्पीड और शराब पीकर वाहन चलाने वालों से ₹70.05 लाख का जुर्माना वसूला गया है। जिलाधिकारी ने शाम 6 से रात 10 बजे तक निरंतर चेकिंग अभियान चलाने के आदेश दिए हैं।
25 ग्राम पंचायतों में ‘मिनी सचिवालय’ का शुभारंभ

राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस के अवसर पर कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने जनपद की 25 ग्राम पंचायतों में जीर्णोद्धार किए गए पंचायत भवनों (मिनी सचिवालय) और डिजिटल परिवार रजिस्टर का ऑनलाइन लोकार्पण किया। अब ग्रामीणों को परिवार रजिस्टर की नकल और अन्य प्रमाण पत्रों के लिए तहसील के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे, उन्हें ये सुविधाएं अपने ही गांव में उपलब्ध होंगी।
उत्तराखंड सिविल सेवा परीक्षा: केंद्र के पास धारा 163 लागू
27 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक होने वाली ‘उत्तराखंड सम्मिलित राज्य सिविल/प्रवर अधीनस्थ सेवा मुख्य परीक्षा’ के दृष्टिगत नगर मजिस्ट्रेट ने लोक सेवा आयोग परीक्षा भवन के 200 मीटर दायरे में धारा 163 (पूर्ववर्ती धारा 144) लागू कर दी है। परीक्षा केंद्र के पास किसी भी प्रकार के प्रदर्शन, लाउडस्पीकर के प्रयोग और हथियारों के साथ आवाजाही पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
मिलावटखोरी पर नकेल: होटलों और ढाबों की सघन चेकिंग

चारधाम यात्रा के दौरान तीर्थयात्रियों को शुद्ध भोजन सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने बहादराबाद और शांतरशाह क्षेत्र के 14 होटलों व ढाबों का निरीक्षण किया। दस्तावेजों में कमी और गंदगी पाए जाने पर कई ढाबा संचालकों को नोटिस जारी किए गए। टीम ने स्पष्ट किया कि रेट लिस्ट चस्पा न करने और घरेलू गैस सिलेंडर का प्रयोग करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।
ऋषिकुल पंजीकरण केंद्र: 2800 से अधिक नए पंजीकरण

ऋषिकुल मैदान में बने यात्री पंजीकरण केंद्र में आठवें दिन कुल 2,869 श्रद्धालुओं ने पंजीकरण कराया। इसमें केदारनाथ के लिए 754 और बद्रीनाथ के लिए 772 यात्रियों ने उत्साह दिखाया। अब तक कुल 19,369 यात्री इस केंद्र से पंजीकरण करा चुके हैं। नेपाल, केरल और कानपुर से आए यात्रियों ने प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाओं की सराहना की।
