Mukti Mod News

सच की रहा पर सबसे आगे

हरिद्वार संक्षिप्त:  हरिद्वार जनपद की ताजा खबरें, यहां जानिए

1 min read
Listen to this article

महिला सशक्तिकरण और बाल सुरक्षा पर बैठक आयोजित

हरिद्वार। रोशनाबाद स्थित महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास परिसर में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ की ब्रांड एंबेसडर डॉ. मनु शिवपुरी की उपस्थिति में आयोजित इस बैठक में महिला सुरक्षा, उनके अधिकारों और बच्चों के प्रति माता-पिता की भूमिका पर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में स्कूल-कॉलेज के वातावरण और कार्यस्थल पर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भी आगामी रणनीति तैयार की गई। इस दौरान डीपीओ अविनाश भदौरिया और खंड विकास अधिकारी सुमन कुटियाल सहित कई गणमान्य मौजूद रहे।

चंपावत कांड के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन और पुतला दहन

हरिद्वार। चंपावत में नाबालिग के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी में देरी को लेकर जिला महानगर कांग्रेस कमेटी ने देवपुरा चौक पर सरकार का पुतला फूंका। महानगर अध्यक्ष अमन गर्ग और पूर्व महिला आयोग अध्यक्ष संतोष चौहान ने भाजपा सरकार पर बेटियों को सुरक्षा देने में विफल रहने का आरोप लगाया। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई और अंकिता भंडारी हत्याकांड जैसे मामलों में न्याय नहीं मिला, तो पार्टी उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगी।

जनसमस्याओं के निस्तारण हेतु मेलाधिकारी को ज्ञापन

हरिद्वार। वरिष्ठ कांग्रेस नेता अशोक शर्मा ने कार्यकर्ताओं के साथ मेलाधिकारी से मुलाकात कर कनखल और ज्वालापुर क्षेत्र की समस्याओं के समाधान की मांग की। ज्ञापन में मुख्य रूप से हनुमान गढ़ी पुलिया का विस्तार, कनखल श्मशान घाट हेतु नए पुल का निर्माण और ज्वालापुर में अधूरे पड़े नाला निर्माण कार्य को पूरा करने की मांग शामिल है। शर्मा ने कहा कि यदि जनहित के इन कार्यों की अनदेखी की गई, तो वे धरना-प्रदर्शन करेंगे।

हरिद्वार में 9 मई से सजेगा ‘स्वाद-ए-महोत्सव’

हरिद्वार। भेल सेक्टर-4 स्थित कम्युनिटी सेंटर में 9 और 10 मई को ‘स्वाद-ए-महोत्सव’ का आयोजन किया जा रहा है। इवेंट के क्रिएटिव डायरेक्टर आकाश ऋतुराज भारतीय ने प्रेस क्लब में बताया कि इस महोत्सव में लोगों को उत्तराखंडी व्यंजनों के साथ-साथ आर्ट एग्जिबिशन, लाइव म्यूजिक और शॉपिंग का आनंद मिलेगा। इसका उद्देश्य स्थानीय व्यापारियों को एक मंच प्रदान करना और शहरवासियों को मनोरंजन के साथ विभिन्न संस्कृतियों के जायके से रूबरू कराना है।

नासिक के त्रयंबकेश्वर में भगवान श्रीचंद्र मंदिर का शिलान्यास

हरिद्वार/नासिक। श्रीपंचायती अखाड़ा नया उदासीन (निर्वाण) द्वारा नासिक महाकुंभ की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। अखाड़े के मुखिया महंत भगत राम और महामंडलेश्वर करौली शंकर दास महाराज ने त्रयंबकेश्वर में जगद्गुरु भगवान श्रीचंद्र के भव्य मंदिर का विधि-विधान से भूमि पूजन किया। महंत भगत राम ने कहा कि अखाड़े सनातन संस्कृति के संरक्षक हैं और यह मंदिर श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र बनेगा। अगले वर्ष होने वाले महाकुंभ के दृष्टिगत अखाड़ा कई सेवा प्रकल्पों का संचालन भी करेगा।

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *