प्रेस क्लब हरिद्वार में निःशुल्क चिकित्सा शिविर, दर्जनों पत्रकार हुए लाभान्वित
1 min read

स्वस्थ जीवन के लिए नियमित जांच जरूरी: धर्मेंद्र चौधरी
हरिद्वार। प्रेस क्लब हरिद्वार में पत्रकारों और उनके परिजनों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में पत्रकारों एवं उनके परिवार के सदस्यों ने भाग लेकर स्वास्थ्य संबंधी विभिन्न जांचों का लाभ उठाया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रेस क्लब अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी एवं महासचिव सूर्यकांत बेलवाल ने संयुक्त रूप से किया।
शिविर में गुरुग्राम स्थित मेदांता द मेडिसिटी के विशेषज्ञ चिकित्सकों डॉ. मयंक सिंह, डॉ. दीपांशु राव तथा उनकी टीम ने स्वास्थ्य परीक्षण और परामर्श सेवाएं प्रदान कीं। टीम में प्रदीप राय, मोहम्मद असद, आरती, दुलारी, खुशबू, सचिन, पवन और शिवम सहित अन्य सहयोगी शामिल रहे। चिकित्सकों ने उपस्थित लोगों की रक्तचाप, रैंडम ब्लड शुगर, बॉडी मास इंडेक्स (बीएमआई), फेफड़ों की कार्यक्षमता, ब्रीथोमीटर जांच, बोन मिनरल डेंसिटी, ईसीजी तथा कार्डियोलॉजी से संबंधित विभिन्न परीक्षण किए। जांच के बाद विशेषज्ञ चिकित्सकों ने प्रतिभागियों को उनके स्वास्थ्य की स्थिति के अनुरूप आवश्यक परामर्श भी दिया।
इस अवसर पर प्रेस क्लब पदाधिकारियों ने चिकित्सा शिविर के सफल आयोजन के लिए मेदांता के चिकित्सकों एवं उनकी टीम का अभिनंदन किया तथा उन्हें अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी ने कहा कि वर्तमान समय की व्यस्त और तनावपूर्ण जीवनशैली में नियमित स्वास्थ्य परीक्षण अत्यंत आवश्यक है। समय-समय पर जांच कराने से कई गंभीर बीमारियों का प्रारंभिक अवस्था में ही पता चल जाता है, जिससे उनका उपचार सरल और प्रभावी हो जाता है। उन्होंने लोगों से स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का आह्वान करते हुए कहा कि संतुलित आहार, नियमित योग, व्यायाम और सकारात्मक दिनचर्या स्वस्थ जीवन की आधारशिला हैं।
शिविर के दौरान बालकृष्ण शास्त्री, श्रवण झा, शिवा अग्रवाल, राहुल वर्मा, कुलभूषण शर्मा, रामचंद्र कन्नौजिया, दीपक नौटियाल, कुशलपाल चौहान, संजीव शर्मा, रजनीकांत शुक्ल, प्रदीप गर्ग, शिवकुमार शर्मा, महेश पारीख, कुणाल दरगन, पुलकित शुक्ला, सुमित यशकल्याण, राजकुमार पाल, जहांगीर मलिक सहित अनेक पत्रकार उपस्थित रहे। सभी प्रतिभागियों ने चिकित्सा शिविर की सराहना करते हुए इसे पत्रकारों और उनके परिवारों के लिए उपयोगी एवं जनहितकारी पहल बताया। कार्यक्रम का समापन सभी के बेहतर स्वास्थ्य और निरोग जीवन की कामना के साथ हुआ।
