हरिद्वार क्राइम: दुष्कर्म का आरोपी दुकानदार और नकली नोटों के साथ 4 तस्कर गिरफ्तार; जहरीली घास से 2 मवेशियों की मौत
1 min read
दो मासूमों से दुष्कर्म का आरोपी दुकानदार 12 घंटे में गिरफ्तार
हरिद्वार। रानीपुर कोतवाली पुलिस ने ग्राम राजपुर में दो नाबालिग बच्चियों से दुष्कर्म और छेड़छाड़ के आरोपी दुकानदार अनुज वालिया (56 वर्ष) को महज 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी अपनी जनरल स्टोर की दुकान में इस घिनौनी वारदात को अंजाम देता था। परिजनों की लिखित शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया है।
हरिद्वार में नकली नोटों का भंडाफोड़, पंजाब के 4 तस्कर गिरफ्तार

हरिद्वार। पुलिस ने सघन चेकिंग के दौरान ₹500 के 169 नकली नोटों (कुल ₹84,500) के साथ पंजाब के चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपी सरजीत, टिंकू, सुमित और संजीव गुरदासपुर के रहने वाले हैं। इन्होंने पूछताछ में कबूला कि वे पंजाब से ₹20,000 में ₹1 लाख के नकली नोट खरीदकर हरिद्वार के बाजारों में खपाने आए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए केंद्रीय जांच एजेंसियां भी सक्रिय हो गई हैं।
जहरीली घास चरने से दो मवेशियों की मौत, कई बीमार

हरिद्वार। कलियर थाना क्षेत्र के धनौरी में पुरानी गंगनहर किनारे जहरीली घास चरने से दो मवेशियों की तड़पकर मौत हो गई, जबकि कई अन्य की हालत नाजुक है। घटना से पशुपालकों में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुँची पशु चिकित्सा विभाग की टीम ने बीमार पशुओं का इलाज शुरू किया है। भारी आर्थिक नुकसान से परेशान ग्रामीणों ने प्रशासन से मुआवजे और मामले की जांच की मांग की है।
