July 15, 2026

Mukti Mod News

सच की रहा पर सबसे आगे

जंगल में चल रही गौकशी का भंडाफोड़, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

1 min read
Listen to this article

हरिद्वार जनपद में गौकशी के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। भगवानपुर थाना पुलिस और उत्तराखंड गोवंश संरक्षण स्क्वाड की संयुक्त टीम ने खेड़ी शिकोहपुर के समीप जंगल में चल रही अवैध गौकशी का भंडाफोड़ करते हुए एक मुख्य आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसके कई साथी अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गए। पुलिस ने घटनास्थल से भारी मात्रा में गोमांस, गौकशी में प्रयुक्त उपकरण तथा तीन मोटरसाइकिल बरामद की हैं। मामले में उत्तराखंड गोवंश संरक्षण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जनपदभर में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के दौरान पुलिस को सूचना मिली थी कि सिकरोड़ा निवासी मुन्तयाज उर्फ बहादरा अपने बेटे तथा अन्य साथियों के साथ जंगल में गौकशी कर रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए भगवानपुर पुलिस और उत्तराखंड गोवंश संरक्षण स्क्वाड की टीम ने संयुक्त रूप से मौके पर घेराबंदी की। पुलिस के पहुंचते ही वहां मौजूद सात आरोपी भागने लगे, लेकिन टीम ने तत्परता दिखाते हुए मुन्तयाज उर्फ बहादरा को मौके से दबोच लिया। अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
पुलिस की तलाशी के दौरान घटनास्थल से लगभग 455 किलोग्राम गोमांस, दो गोवंशीय खाल, दो कटे हुए गोवंशीय सिर, आठ खुर, कुल्हाड़ियां, धारदार छुरियां, लोहे का सुवा, इलेक्ट्रॉनिक तराजू, प्लास्टिक की टोकरी, तीन मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। बरामद गोमांस को विधिक प्रक्रिया के तहत गड्ढा खुदवाकर अम्लीय छिड़काव के बाद नष्ट कराया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में गौकशी, नशा तस्करी और अन्य संगठित अपराधों के खिलाफ ऑपरेशन प्रहार के तहत लगातार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *