हरिद्वार में डाक कांवड़ का अंतिम चरण: जिलाधिकारी और एसएसपी ने ग्राउंड जीरो पर संभाली कमान
1 min read
हरिद्वार (08 अगस्त 2026): कांवड़ यात्रा के अंतिम चरण में लाखों की संख्या में उमड़ रही डाक कांवड़ियों की भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस मुस्तैद हैं। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने स्वयं धरातल पर उतरकर मोतीचूर हाईवे तक व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और सुरक्षा, यातायात एवं भीड़ प्रबंधन के आवश्यक निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने हाईवे पर जलभराव निकासी, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, और पार्किंग स्थलों में साफ-सफाई दुरुस्त रखने के निर्देश अधिकारियों को दिए। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने शंकराचार्य चौक स्थित स्वास्थ्य कैंप का भी जायजा लिया और इलाज करा रहे शिवभक्तों से सुविधाओं की जानकारी ली।
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि 5 अगस्त से वाहनों का भारी दबाव बना हुआ है, जिसे नियंत्रित करने के लिए रूट डायवर्जन और पार्किंग व्यवस्था लागू की गई है:
- भारी वाहन: बैरागी कैंप और दक्ष द्वीप में।
- दोपहिया वाहन: गड्ढा पार्किंग, दीनदयाल पार्किंग (रोड़ीबेलवाला) और पंतदीप पार्किंग में।
प्रशासन ने सभी अधिकारियों को मुस्तैद रहने के निर्देश देने के साथ ही शिवभक्तों से यातायात नियमों और रूट डायवर्जन का पालन करने की अपील की है। इस दौरान एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह, एडिशनल एसपी रेनू लोहानी और सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी सहित पुलिस बल तैनात रहा।
