ट्रेन का ‘टिकट’ कटाने पहुंचा 10 फीट लंबा अजगर! हरिद्वार में वंदे भारत के कोच में घुसने की कोशिश, फिर ऐसे हुआ रेस्क्यू
1 min read
हरिद्वार रेलवे स्टेशन की वाशिंग लाइन में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब मेंटेनेंस के लिए खड़ी वंदे भारत एक्सप्रेस के पास एक 10 फीट लंबा विशालकाय अजगर आ धमका। गुरुवार सुबह करीब 9 बजे देहरादून से आई इस हाई-स्पीड ट्रेन में अजगर महाशय बिना टिकट ‘सवार’ होने की फिराक में थे।
दोपहर करीब 12 बजे सफाई में जुटे कर्मचारियों ने जब अजगर को ट्रेन के नीचे और बोगी के पास लटकते देखा, तो उनके होश उड़ गए। अजगर धीरे-धीरे ट्रेन के कोच के अंदर घुसने की पूरी कोशिश कर रहा था। गनीमत यह रही कि कर्मचारियों ने घबराने के बजाय सूझबूझ दिखाई और तुरंत वन विभाग को खबर दी।
वन विभाग की टीम ने चलाया ‘स्पेशल रेस्क्यू ऑपरेशन’
सूचना मिलते ही हरिद्वार रेंज की रेस्क्यू टीम (वन दारोगा आरती पंत, फॉरेस्ट गार्ड राहुल और लाखन) मौके पर पहुंची। करीब 2 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने बिना चोट पहुंचाए अजगर को सुरक्षित काबू में किया और पास के जंगल में छोड़ दिया।
अगर यह अजगर ट्रेन के अंदर छुप जाता, तो शाम 6 बजे देहरादून रवाना होने वाली इस ट्रेन के यात्रियों के पसीने छूट जाते! वन विभाग के अधिकारी शीशपाल सिंह ने सतर्क कर्मचारियों की तारीफ की और अपील की कि ऐसे ‘अतिथि’ दिखने पर खुद हीरो बनने के बजाय तुरंत एक्सपर्ट्स को ही बुलाएं।
