हरिद्वार में बालाजी के महंत नरेश पुरी महाराज का 5वां पाटोत्सव संपन्न, 1 लाख पार्थिव शिवलिंग पूजन के साथ हुआ वैदिक यज्ञ
1 min read
हरिद्वार:
धर्मनगरी हरिद्वार में बालाजी (राजस्थान) के महंत नरेश पुरी महाराज का पांचवां पाटोत्सव एवं एक लाख पार्थिव शिवलिंग पूजन समारोह पूरे श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर बड़ी संख्या में संत-महात्माओं, महामंडलेश्वरों और श्रद्धालुओं ने पहुंचकर महंत नरेश पुरी महाराज को पाटोत्सव की शुभकामनाएं दीं और मंगल आशीर्वाद प्रदान किया।
श्रावण मास में एक लाख पार्थिव शिवलिंग का पूजन
महंत नरेश पुरी महाराज द्वारा प्रतिवर्ष श्रावण मास में भगवान शिव की विशेष आराधना की जाती है। इसी धार्मिक परंपरा का निर्वहन करते हुए इस वर्ष भी श्रावण मास की अवधि में एक लाख पार्थिव शिवलिंगों का विधि-विधान से पूजन कराया गया। इस दौरान सैकड़ों वेद विद्वानों के वैदिक मंत्रोच्चार के बीच यज्ञ कर्म संपन्न हुआ और पूरे माह शिव आराधना व रुद्राभिषेक का क्रम जारी रहा।
संत समाज ने की प्रयासों की सराहना
समारोह में पहुंचे संत समाज ने महंत नरेश पुरी महाराज के धार्मिक व आध्यात्मिक कार्यों की भूरि-भूरि प्रशंसा की। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष एवं श्री पंचायती अखाड़ा महानिर्वाणी के सचिव श्रीमहंत रविंद्र पुरी महाराज ने उन्हें पाटोत्सव की बधाई देते हुए कहा कि संतों का जीवन धर्म और मानव कल्याण के लिए समर्पित होता है। श्रावण मास में ऐसा आयोजन सनातन परंपराओं के संरक्षण और धार्मिक चेतना को मजबूत करने वाला है।
धर्म और अध्यात्म चेतना का संदेश
समारोह के दौरान महंत नरेश पुरी महाराज ने सभी आगंतुक संतों एवं श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक वर्ष श्रावण मास में शिव आराधना का उद्देश्य समाज में धर्म और अध्यात्म का संदेश फैलाना है।
इस भव्य समारोह में महामंडलेश्वर यतींद्रानंद गिरि सहित कई प्रमुख संत-महात्मा, धर्माचार्य और भारी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। सभी ने महाराज जी के दीर्घायु और निरंतर समाज सेवा की कामना की।
