बारिश में दर्दनाक हादसा: नाले के तेज बहाव में बही 6 वर्षीय बच्ची, देर रात तक चला पुलिस-एसडीआरएफ का सर्च अभियान
1 min read
हरिद्वार। सिडकुल थाना क्षेत्र के रावली महदूद गांव में सोमवार शाम बारिश के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। खेलते समय दो मासूम बच्चियां अचानक नाले के तेज बहाव की चपेट में आ गईं। स्थानीय लोगों ने एक बच्ची को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि उसकी 6 वर्षीय सहेली तेज बहाव में बहकर लापता हो गई। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया और बच्ची के परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, लापता बच्ची विधिका (6 वर्ष) पुत्री गौतम कुमार मूल रूप से ग्राम फरीदपुर मान उर्फ पपड़ावली, जनपद बिजनौर की निवासी है। वर्तमान में उसका परिवार सिडकुल क्षेत्र के रावली महदूद में कृपाल स्कूल के समीप रह रहा है। विधिका के पिता सिडकुल क्षेत्र में मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं।
बताया गया कि सोमवार शाम क्षेत्र में तेज बारिश हो रही थी। इसी दौरान विधिका अपनी 7 वर्षीय सहेली हिमानी के साथ खेल रही थी। खेलते-खेलते दोनों बच्चियां अचानक नाले में गिर गईं और पानी के तेज बहाव में बहने लगीं। बच्चियों को बहता देख आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल बचाव का प्रयास किया। स्थानीय लोगों ने हिमानी को किसी तरह सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन विधिका पानी के तेज बहाव में बह गई।
घटना की जानकारी मिलते ही बच्ची के परिजन और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सिडकुल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लापता बच्ची की तलाश शुरू कर दी गई। बाद में एसडीआरएफ की टीम को भी मौके पर बुलाया गया।
पुलिस और एसडीआरएफ की टीमों ने नाले में उतरकर संभावित स्थानों पर बच्ची की तलाश शुरू की। लगातार बारिश और नाले में तेज पानी के बहाव के कारण सर्च अभियान में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद बचाव दल देर रात तक बच्ची की तलाश में जुटा रहा।
तलाशी अभियान के दौरान नाले में जमा मलबे और अन्य अवरोधों को हटाने के लिए जेसीबी मशीन भी लगाई गई। टीमों ने नाले के भीतर और आसपास के सभी संभावित स्थानों पर गहनता से खोजबीन की। हादसे के बाद से बच्ची के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे क्षेत्र में घटना को लेकर चिंता और शोक का माहौल बना हुआ है।
सिडकुल थाना प्रभारी अजय शाह ने बताया कि नाले के तेज बहाव में बच्ची के बहने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेज दिया गया था। बच्ची की तलाश के लिए एसडीआरएफ की सहायता ली जा रही है। पुलिस और एसडीआरएफ की संयुक्त टीम लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है और बच्ची को तलाशने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।
