September 10, 2026

Mukti Mod News

सच की रहा पर सबसे आगे

कुंभ मेला 2027: जनसंवाद से तय हो रही विकास की रूपरेखा, दूधाधारी चौक से जटवाड़ा पुल तक सड़क नवीनीकरण को लेकर स्थानीय लोगों से चर्चा

1 min read
Listen to this article

हरिद्वार में कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के तहत मेला प्रशासन ने जनसंवाद की मुहिम तेज कर दी है। इसी कड़ी में बुधवार को भूपतवाला क्षेत्र में दूधाधारी चौक से जटवाड़ा पुल तक ओडीएन सड़क के नवीनीकरण की योजना को लेकर पार्षदों, व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती के नेतृत्व में हुई इस बैठक में अधिकारियों ने योजना की विस्तार से जानकारी दी और लोगों के सुझाव प्राप्त किए।

​लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता योगेश कुमार ने बताया कि इस सड़क को लगभग 10 से 11 मीटर चौड़ाई में ब्लैक टॉप किया जाएगा तथा जल निकासी के लिए ड्रेनेज, सड़क के दोनों ओर इंटरलॉकिंग टाइल्स और पैदल यात्रियों के लिए रेज्ड फुटपाथ का निर्माण होगा। इस परियोजना के दायरे में कोई भी भवन प्रभावित नहीं होगा। स्थानीय मांग पर सड़क किनारे लाइट पोल, रंबल स्ट्रिप और आवश्यकतानुसार डिवाइडर बनाने का भी प्रावधान किया गया है।

​अपर मेलाधिकारी ने बताया कि इस मार्ग सहित शहर के अन्य आंतरिक मार्गों के नवीनीकरण कार्यों के लिए सरकार द्वारा कुंभ मेला मद से 2164.49 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। बैठक में मौजूद जनप्रतिनिधियों और व्यापारियों ने निर्माण कार्यों से पहले प्रशासन द्वारा संवाद किए जाने की इस पहल की सराहना की और इसे क्षेत्र के विकास के लिए उपयोगी बताया।

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *