देहरादून: जिलाधिकारी ने की एसआईआर और जिला योजना की समीक्षा; कार्यों में तेजी, निष्पक्षता और समयबद्धता के दिए निर्देश
1 min readएसआईआर कार्य में तेजी, निष्पक्षता और पारदर्शिता के दिए गए निर्देश

देहरादून: जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने कलेक्ट्रेट सभागार में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्य की समीक्षा बैठक की। बैठक में जनपद की 10 विधानसभाओं में कुल 11,90,805 मतदाताओं में से चिह्नित 3,95,772 विसंगति (एनोमली) और 1,52,170 नो-मैपिंग प्रकरणों के निस्तारण की स्थिति की समीक्षा की गई। जांच एवं सुनवाई के दौरान अब तक 29,929 मतदाता अपात्र पाए गए हैं। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अनुपालन करते हुए पारदर्शिता और निष्पक्षता से कार्यवाही पूरी करने तथा किसी भी पात्र मतदाता का नाम न छूटने देने के निर्देश दिए।
जिला योजना के कार्यों में तेजी लाएं विभाग: जिलाधिकारी

देहरादून: जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में जिला योजना वर्ष 2026-27 की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। वर्ष 2026-27 के लिए स्वीकृत कुल ₹9939.40 लाख के बजट के सापेक्ष अब तक 29 प्रतिशत की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति दर्ज की गई है। कम प्रगति वाले विभागों पर नाराजगी जताते हुए जिलाधिकारी ने लोनिवि, सिंचाई विभाग और जल संस्थान सहित सभी संबंधित विभागों को टेंडर एवं निविदा प्रक्रियाएं समय से पूरी कर विकास कार्यों में तेजी लाने के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रक्रियागत विलंब के कारण विकास कार्य प्रभावित नहीं होने चाहिए।
