हाथी के हमले में किसान की मौत, पूर्व मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद के प्रयास से पीड़ित परिवार को मिली 3 लाख की त्वरित सहायता
1 min readहरिद्वार। हरिद्वार-नजीबाबाद हाईवे के समीप श्यामपुर क्षेत्र के ग्राम पंचायत सजनपुर पीली (गांव बाहर पीली) में घास काट रहे किसान सतपाल पर अचानक एक हाथी ने हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस दुखद घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया और परिजनों के सामने अचानक आर्थिक संकट खड़ा हो गया।
घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे और नौकरी की मांग को लेकर हाईवे जाम करने का प्रयास किया, जिन्हें पुलिस ने समझा-बुझाकर शांत कराया।
शुक्रवार को स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष स्वामी यतीश्वरानंद पीड़ित परिवार के घर पहुंचे और शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने मौके पर ही वन क्षेत्राधिकारी श्यामपुर विवेक जोशी को बुलाया और परिजनों को उचित मुआवजा तथा रोजगार दिलाने का विषय उठाया।
स्वामी यतीश्वरानंद के प्रयासों से वन विभाग की ओर से पीड़ित परिवार को तत्काल सहायता के रूप में 3 लाख रुपये का चेक प्रदान किया गया। पूर्व मंत्री ने बताया कि सरकार की ओर से कुल 10 लाख रुपये का मुआवजा दिए जाने का प्रावधान है। शेष 7 लाख रुपये की धनराशि भी परिजनों को जल्द हस्तांतरित कर दी जाएगी। इसके अलावा परिवार के एक सदस्य को वन विभाग में संविदा के आधार पर रोजगार दिलाने का आश्वासन भी दिया गया है।
वन क्षेत्राधिकारी विवेक जोशी ने बताया कि क्षेत्र में हाथियों की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए वन विभाग की गश्त और निगरानी बढ़ा दी गई है। उन्होंने स्थानीय निवासियों से सतर्क रहने और हाथी दिखने पर तुरंत वन विभाग को सूचित करने की अपील की है।


