रानीपुर थाने की महिला एएसआई 10 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
1 min readहरिद्वार:
उत्तराखंड सतर्कता विभाग (विजिलेंस) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने हरिद्वार जिले के रानीपुर थाने में तैनात सहायक उपनिरीक्षक (ASI) सोनिया को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। महिला पुलिसकर्मी पर एक लेन-देन के विवाद को निपटाने के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप है।
1064 पर की गई थी शिकायत
विजिलेंस विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, एक व्यक्ति ने भ्रष्टाचार से जुड़ी शिकायतों के लिए बने टोल-फ्री नंबर 1064 पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता का आरोप था कि रानीपुर थाने में तैनात ASI सोनिया उसके और दूसरे पक्ष के बीच चल रहे लेन-देन के विवाद का समझौता कराकर मामला रफा-दफा करने के लिए 10 हजार रुपये की मांग कर रही है।
जांच में हुई आरोपों की पुष्टि
शिकायत मिलने के बाद सतर्कता विभाग ने मामले की गोपनीय जांच कराई। शुरुआती जांच में रिश्वत मांगे जाने के आरोप सही पाए गए। इसके बाद पुलिस अधीक्षक, सतर्कता सेक्टर देहरादून के निर्देशन में एक विशेष ट्रैप टीम का गठन किया गया।
शनिवार को योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए विजिलेंस टीम ने आरोपी एएसआई सोनिया को शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपये की घूस लेते हुए धर दबोचा।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज
गिरफ्तारी के बाद आरोपी पुलिसकर्मी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम (Prevention of Corruption Act) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। विभाग द्वारा इस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई के बाद से स्थानीय पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।


