मोबाइल फोन बना हादसे का कारण: हरिद्वार में दो अलग-अलग दुर्घटनाओं में दो गंभीर रूप से घायल
1 min readहरिद्वार। तीर्थनगरी के उत्तरी हरिद्वार और खड़खड़ी क्षेत्र में मोबाइल फोन के इस्तेमाल और लापरवाही के चलते दो अलग-अलग सड़क व रेल हादसे सामने आए हैं। इन हादसों में एक बालक और एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनका इलाज राजकीय जिला चिकित्सालय में चल रहा है।
फोन पर बात कर रहे जेपीसी चालक ने बालक को मारी टक्कर
पहला हादसा उत्तरी हरिद्वार के भीमगौड़ा क्षेत्र में हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक तेज रफ्तार जेपीसी (JPC) क्रेन, चालक मोबाइल फोन पर व्यस्त था। ध्यान भटकने के कारण उसने सड़क पर मौजूद एक बालक को जोरदार टक्कर मार दी। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए बालक को जिला चिकित्सालय पहुंचाया। बताया जा रहा है कि घायल बालक पुलिस चौकी के पास ही रहता है और अस्पताल में उसकी स्थिति पर डॉक्टर नजर बनाए हुए हैं।
ईयरफोन लगाकर रेल लाइन पार कर रहा युवक ट्रेन की चपेट में आया
वहीं दूसरा हादसा खड़खड़ी बाईपास फाटक के पास घटित हुआ। एक युवक कानों में स्पीकर (ईयरफोन) लगाकर रेलवे लाइन पार कर रहा था। कानों में तेज आवाज होने के कारण वह आती हुई ट्रेन की हॉर्न और आवाज नहीं सुन सका और सीधे ट्रेन की चपेट में आ गया। इस दर्दनाक हादसे में युवक ने अपने हाथ और पैर गंवा दिए हैं।
राजकीय चिकित्सालय में इलाज जारी
दोनों घटनाओं में गंभीर रूप से घायलों को तुरंत उपचार के लिए राजकीय जिला चिकित्सालय हरिद्वार में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस मामलों की जांच की जा रही है।


