विकास कार्यों से कांग्रेस विधायक का कोई वास्ता नहीं, झूठा श्रेय लेने में जुटीं: स्वामी यतीश्वरानंद
1 min read
हरिद्वार:
उत्तराखंड भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद ने स्थानीय कांग्रेस विधायक पर विकास कार्यों की उपेक्षा करने और भाजपा सरकार के कार्यों का झूठा श्रेय लेने का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि चुनाव नजदीक आते देख कांग्रेस विधायक जनता को भ्रमित करने के लिए पूर्व में स्वीकृत योजनाओं के बोर्ड बदलने और भाजपा शासन में शुरू किए गए कार्यों को अपना बताने में लगी हैं।
यह बात स्वामी यतीश्वरानंद ने हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के ग्राम जमालपुर कलां में विभिन्न कॉलोनियों को जोड़ने वाली सड़कों के निर्माण कार्य का शुभारंभ करते हुए कही।
जमालपुर कलां में सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ
बुधवार को जमालपुर कलां स्थिति दयाल एनक्लेव, रमा विहार एवं रुद्र विहार मुख्य मार्ग के निर्माण कार्य का पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद ने विधिवत नारियल फोड़कर शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों की लगभग 5,000 की आबादी पिछले साढ़े चार वर्षों से बदहाल सड़कों और आवागमन की समस्या से जूझ रही थी। क्षेत्रीय विधायक द्वारा उपेक्षा किए जाने के बाद उन्होंने स्वयं संज्ञान लेते हुए खनन विकास निगम के माध्यम से इस सड़क निर्माण कार्य को स्वीकृत कराकर शुरू करवाया है।
“भाजपा की उपलब्धियों का श्रेय ले रही हैं विधायक”
पूर्व मंत्री ने लालढांग क्षेत्र के रसूलपुर पुल का उदाहरण देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उनके पिछले कार्यकाल में दिए गए प्रस्ताव पर (घोषणा संख्या 1038/2021) रसूलपुर पुल के निर्माण की मंजूरी दी थी। किंतु अब कांग्रेस विधायक इसका झूठा प्रचार कर खुद श्रेय लेने का प्रयास कर रही हैं। तंज कसते हुए स्वामी यतीश्वरानंद ने कहा कि “संभव है कि जब जमालपुर कलां की यह सड़क बनकर तैयार हो जाए, तो विधायक जी इसका भी रिबन काटने पहुँच जाएं।” उन्होंने आगे कहा कि जनता जागरूक है और वह सच अच्छी तरह जानती है।
कार्यक्रम में गणमान्य लोगों की उपस्थिति
कार्यक्रम के अंत में मंडल महामंत्री एवं ग्राम प्रधान हरेंद्र चौधरी ने सभी अतिथियों एवं ग्रामीणों का धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष अमित चौहान, मंडल अध्यक्ष विवेक चौहान, डॉ. प्रदीप चौधरी, नाथीराम चौधरी, मास्टर धर्मेंद्र चौहान, डॉ. मनमोहन, प्रमोद चौहान, तिलकराम सैनी, सुधीर ठाकुर, महक सिंह, अभिषेक, विपिन चौधरी, राजदीप सिंह, जोगेंद्र जौनी, मोहित ठाकुर और लवी चौधरी सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी एवं पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।



