हरिद्वार हलचल: संविधान दिवस की धूम, पुलिस की सख्ती और चुनावी मंथन
1 min read
एक शाम संविधान के नाम’ कार्यक्रम में मूल्यों की रक्षा का संकल्प
हरिद्वार। भारतीय संविधान दिवस पर डॉ. भीमराव अंबेडकर अनुसूचित जाति, जनजाति वेलफेयर सोसाइटी द्वारा शिवालिकनगर में ‘भारतीय संविधान के नाम एक शाम’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। दूरदर्शन उत्तराखंड के सेवानिवृत्त उपनिदेशक कुलभूषण की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विनोद कुमार आर्य, विशिष्ट अतिथि देवेंद्र कुमार, पदम कुमार और बामसेफ के प्रदेश अध्यक्ष भंवर सिंह ने डॉ. अंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। इस दौरान संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन हुआ। वक्ताओं ने संविधान को देश की एकता व अधिकारों की रक्षा का आधार बताते हुए इसे सुरक्षित रखने का आह्वान किया। कार्यक्रम में अध्यक्ष भोपाल सिंह, महासचिव चंद्रपाल सिंह, कोषाध्यक्ष देवेंद्र भास्कर सहित बड़ी संख्या में प्रबुद्धजन, महिलाएं और युवा मौजूद रहे।
भेल के एक हजार कर्मचारियों को वितरित होंगी संविधान की प्रतियां

हरिद्वार। संविधान दिवस के उपलक्ष्य में बीएचईएल अनुसूचित जाति एंप्लाइज वेलफेयर एसोसिएशन ने भव्य समारोह आयोजित किया। इस अवसर पर एसोसिएशन के महासचिव रविंद्र कुमार ने भेल के कार्यपालक निदेशक रंजन कुमार को संविधान की प्रति भेंट कर वितरण अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने बताया कि पहले चरण में भेल के एक हजार कर्मचारियों को संविधान की प्रतियां दी जाएंगी, ताकि संवैधानिक जागरूकता बढ़ सके। मुख्य अतिथि यशवंत सिंह, संपर्क अधिकारी पंकज कुमार रावत और संरक्षक आरएल व्यास ने सामाजिक न्याय, समानता और शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। अंत में अध्यक्ष अरविंद कुमार ने सभी का आभार जताया।
अपराध समीक्षा बैठक: दबंगई व नशा तस्करों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
हरिद्वार। एसएसपी नवनीत सिंह ने अपराध समीक्षा बैठक में अक्टूबर माह के अपराधों व उनके खुलासों की समीक्षा करते हुए ईनामी और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी अभियान की सराहना की। उन्होंने कोतवाली प्रभारियों को विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर ध्यान देने तथा दबंगई करने वालों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। एसएसपी ने विवेचकों को लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण करने की चेतावनी दी और सीओ को साप्ताहिक समीक्षा करने को कहा। साथ ही नशा तस्करी पर अंकुश लगाने और तस्करों की संपत्ति जब्त (अटैच) करने के सख्त निर्देश दिए। बैठक में एसपी क्राइम निशा यादव, एसपी देहात अभय कुमार सिंह, एसपी सिटी दीपक कुमार सहित सभी थाना प्रभारी मौजूद रहे।
भाजपा की सोशल मीडिया बैठक: सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर
हरिद्वार। आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर जगजीतपुर स्थित भाजपा जिला कार्यालय में सोशल मीडिया पदाधिकारियों की बैठक हुई। प्रदेश प्रभारी सोशल मीडिया मनन दाणी ने बूथ स्तर तक पहुंचकर केंद्र व राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों को जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया। जिला अध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने सोशल मीडिया पर विरोधियों को शालीनता से जवाब देने और विकास कार्यों के प्रचार-प्रसार की बात कही। बैठक में प्रदेश सह संयोजक करुण दत्ता, जिला संयोजक मनोज शर्मा, उपाध्यक्ष निपेन्दर चौधरी, लोकसभा संयोजक आशीष कुमार झा सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
‘वैदिक विज्ञान को शोध व वैज्ञानिक दृष्टिकोण से पुनःस्थापित करना जरूरी’
हरिद्वार। वैदिक एनर्जी से जुड़े आचार्य राजीव ने मध्य हरिद्वार स्थित एक होटल में पत्रकार वार्ता के दौरान कहा कि ज्योतिष को चमत्कार या आधुनिक चिकित्सा विज्ञान का विकल्प मानना गलत है। उन्होंने इसे जीवन का ‘गूगल मैप’ बताते हुए कहा कि यह संभावित परिस्थितियों के प्रति सचेत कर सही निर्णय लेने में मदद करता है। उन्होंने कैंसर मरीजों और प्रजनन (एस्ट्रो फर्टिलिटी) से जुड़े अपने ज्योतिषीय अध्ययनों का जिक्र करते हुए चिकित्सा विशेषज्ञों के साथ वैज्ञानिक शोध व सत्यापन की आवश्यकता जताई। साथ ही बताया कि यजुर्वेद के रोग संबंधी मंत्रों पर करीब 450 संस्कृत विद्यार्थियों के साथ शोध कार्य चल रहा है। प्रेस वार्ता में वरिष्ठ समाजसेवी आलोक शर्मा भी मौजूद रहे।


