एनयूजे प्रदेश अध्यक्ष दया जोशी का हरिद्वार में भव्य स्वागत, पत्रकारों की समस्याओं पर हुई चर्चा
1 min read
हरिद्वार: नेशनलिस्ट यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स (एनयूजे) की नव निर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती दया जोशी के पहली बार हरिद्वार आगमन पर यूनियन की जनपद इकाई ने भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर स्थानीय पदाधिकारियों और सदस्यों ने उनका अभिनंदन किया और उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट किए।
श्रीमती जोशी ने हरिद्वार प्रवास के दौरान पत्रकारों से विस्तृत चर्चा की। उन्होंने विशेष रूप से राज्य के पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों में समाचार कवरेज के दौरान आने वाली विभिन्न चुनौतियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने पत्रकारों को मिलने वाली सुविधाओं और उनकी समस्याओं के समाधान में जिला सूचना अधिकारियों की भूमिका और जिम्मेदारियों के बारे में भी जानकारी दी।
पत्रकारिता के गिरते स्तर पर चिंता व्यक्त करते हुए श्रीमती जोशी ने पत्रकारों से आह्वान किया कि वे पत्रकारिता के मूल सिद्धांतों का पालन करते हुए स्वच्छ और स्वस्थ पत्रकारिता करें और देश एवं समाज के हित में अपना सक्रिय योगदान दें।
उन्होंने यह भी बताया कि उन्होंने हाल ही में सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, उत्तराखंड के महानिदेशक बंशीधर तिवारी से मुलाकात कर राज्य के पत्रकारों की विभिन्न मांगों और समस्याओं के समाधान का अनुरोध किया है।
प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद अपने पहले हरिद्वार दौरे में श्रीमती जोशी एनयूजे के पंजीकृत कार्यालय भी गईं और वहां की व्यवस्थाओं तथा अभिलेखों के रखरखाव का निरीक्षण किया। इसके पश्चात, उन्होंने एक स्थानीय होटल में स्थानीय पदाधिकारियों और सदस्यों के साथ मुलाकात की और विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया।
इस अवसर पर नेशनलिस्ट यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स के निवर्तमान अध्यक्ष त्रिलोक चन्द्र भट्ट, प्रदेश उपाध्यक्ष सुनील शर्मा, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य प्रमोद कुमार पाल, पूर्व प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य धन सिंह बिष्ट, जिलाध्यक्ष सुदेश आर्या, पूर्व जिलाध्यक्ष विक्रम सिंह सिद्धू, भगवती प्रसाद गोयल, नवीन कुमार और प्रभाष भटनागर सहित अनेक गणमान्य पत्रकारों ने श्रीमती जोशी का माल्यार्पण कर और पुष्प भेंट कर अभिनंदन किया। हरिद्वार में संक्षिप्त प्रवास के बाद श्रीमती जोशी हल्द्वानी के लिए रवाना हो गईं।
