निर्जला एकादशी पर श्री ललिताम्बा देवी ट्रस्ट ने किया शरबत और प्रसाद वितरण
1 min read
हरिद्वार, 06 जून। निर्जला एकादशी के पावन अवसर पर श्री ललिताम्बा देवी ट्रस्ट द्वारा संचालित श्री मानव कल्याण आश्रम में शरबत, बिस्कुट और प्रसाद का वितरण किया गया। ट्रस्ट के मैनेजिंग ट्रस्टी अनिरूद्ध भाटी के संयोजन और महंत दुर्गेशानन्द सरस्वती जी महाराज के सानिध्य में संतजनों, विद्यार्थियों और तीर्थयात्रियों को यह प्रसाद वितरित किया गया।
इस अवसर पर आश्रम के महंत दुर्गेशानंद सरस्वती महाराज ने बताया कि ज्येष्ठ मास के शुक्ल पक्ष में दशमी से लेकर पूर्णिमा तक का समय ध्यान, पूजा-पाठ और दान-पुण्य के लिए अत्यंत शुभ होता है। उन्होंने कहा कि इस अवधि में तीर्थ यात्राएं, भगवान श्रीहरि का पूजन, गौ-दान, विष्णु सहस्त्रनाम का पाठ और श्रीमद् भागवत कथा का श्रवण करना अत्यधिक कल्याणकारी है। उन्होंने विशेष रूप से जोर दिया कि निर्जला एकादशी पर किया गया दान-पुण्य अक्षय फलदायी होता है।
मैनेजिंग ट्रस्टी अनिरूद्ध भाटी ने सनातन हिन्दू धर्म में निर्जला एकादशी के विशेष महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि इस दिन किया गया जप-तप, गंगा स्नान और दान-पुण्य अत्यंत फलदायी होता है। उन्होंने यह भी बताया कि जो भक्त निर्जल रहकर दूसरों को जल, शरबत या अन्य शीतल पेय पदार्थ वितरित करते हैं, वे अक्षय पुण्य के भागी बनते हैं। भाटी ने कहा कि ट्रस्ट द्वारा निरंतर सेवा प्रकल्पों का संचालन किया जाता है।
ट्रस्ट की कोषाध्यक्ष रेनुका बेन एल ठक्कर ने जानकारी दी कि ट्रस्ट द्वारा ज्येष्ठ मास के शुक्ल पक्ष में प्रतिदिन संतों, विद्यार्थियों और तीर्थयात्रियों को भोजन और शीतल पेय पदार्थ वितरित किए जाते हैं। उन्होंने बताया कि गंगा दशहरा से लेकर ज्येष्ठ पूर्णिमा तक यह आयोजन प्रतिदिन जारी रहेगा।
इस सेवा कार्य में संजय वर्मा, मिथिलेश, ब्रह्मजीत, महेंद्र, रामजी आदि ने शरबत और प्रसाद वितरण में सक्रिय सहयोग प्रदान किया।
