उत्तराखंड: शातिर ‘लुटेरी दुल्हन’ गिरफ्तार, शादी और ब्लैकमेलिंग से करती थी ठगी
1 min read
उधमसिंहनगर: उत्तराखंड में शादी का झांसा देकर लाखों की ठगी और ब्लैकमेलिंग करने वाली एक शातिर महिला को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला, जिसकी पहचान हीना रावत पुत्री बलवंत सिंह निवासी खरमासा कुंडेश्वरी, थाना काशीपुर के रूप में हुई है, के पास से ब्लैकमेलिंग से ली गई 50 हजार रुपये की नकदी भी बरामद हुई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा ने बताया कि रुद्रपुर निवासी दीपक कक्कड़ ने शिकायत दर्ज कराई थी कि एक महिला, जिसने अपना नाम अंकिता शर्मा बताया और खुद को हाईकोर्ट का एडवोकेट बताया, ने उसे व्हाट्सएप पर प्रेम जाल में फंसा लिया। महिला ने धोखाधड़ी से दीपक से पांच लाख रुपये हड़प लिए और फिर विवाह का नाटक कर उसके घर पर रहने लगी।
दीपक के अनुसार, अंकिता शर्मा उर्फ हीना रावत उसे तरह-तरह से प्रताड़ित करने लगी और 30 लाख रुपये की मांग करने लगी। पैसे न देने पर वह दीपक को जान से मारने या आत्महत्या कर उसे और उसके परिवार को झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देती थी।
शक होने पर दीपक ने महिला के बारे में जानकारी जुटाई, तो पता चला कि उसका असली नाम हीना रावत है और वह पहले से शादीशुदा है। वह लोगों को प्रेम जाल में फंसाकर बलात्कार आदि के झूठे आरोप लगाकर ब्लैकमेल कर पैसे ऐंठने का काम करती है।
पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर आरोपी महिला की तलाश शुरू की और बीती रात उसे उदय होटल के पास से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान उसके पास से दीपक से ली गई 50 हजार रुपये की फिरौती की रकम भी बरामद हुई।
पूछताछ में हीना रावत ने खुलासा किया कि उसके खिलाफ उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के अलग-अलग थानों में कई मुकदमे दर्ज हैं। वह इन मुकदमों से बचने के लिए विदेश भागना चाहती थी, जिसके लिए उसे 30 लाख रुपये की जरूरत थी। इसी कारण उसने दीपक को अपने झूठे प्रेमजाल में फंसाया और उसे प्रताड़ित करना शुरू कर दिया।
आरोपी महिला ने बताया कि वह कभी बिजनेसमैन बनकर, कभी रजनीगंधा ब्रांड की ब्रांड एंबेसडर बनकर, तो कभी कॉन्ट्रैक्टर बनकर लोगों को लूटा करती थी। वह मैट्रिमोनियल साइटों पर खुद को अविवाहित और योग्य दुल्हन के रूप में पेश करती थी, लोगों को प्रेम जाल में फंसाकर शादी करती थी और फिर उन्हें बलात्कार के झूठे मुकदमे में फंसाकर मोटी रकम ऐंठती थी।
