हरिद्वार में स्वतंत्रता सेनानी सम्मान समारोह के स्थान को लेकर विवाद
1 min read
हरिद्वार। कांग्रेस स्वतंत्रता संग्राम सेनानी उत्तराधिकारी प्रकोष्ठ और जिला महानगर कांग्रेस कमेटी हरिद्वार ने नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर 14 अगस्त को होने वाले स्वतंत्रता सेनानी सम्मान समारोह को अपर रोड स्थित यादगार स्तंभ पर ही आयोजित करने की मांग की है। प्रदेश अध्यक्ष मुरली मनोहर और महासचिव मुकेश त्यागी ने बताया कि कुछ “बाहरी तत्वों” द्वारा कार्यक्रम का स्थान ज्वालापुर में स्थानांतरित करने का दबाव बनाया जा रहा है, जिससे स्वतंत्रता सेनानियों के परिवारों में रोष है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कार्यक्रम यथावत अपर रोड पर नहीं रखा गया तो उन्हें सत्याग्रह करना पड़ेगा।
इसके अतिरिक्त, मुरली मनोहर ने टाउन हॉल नगर निगम में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के चित्र ससम्मान लगाने की मांग की, जिस पर मुख्य नगर आयुक्त ने नई बिल्डिंग की गैलरी में सभी सेनानियों के चित्र लगाने का आश्वासन दिया। मुकेश त्यागी ने बिरला घाट पर लगे शिलापट्ट से हरिद्वार से संबंधित न होने वाले स्वतंत्रता सेनानियों के नाम हटाने और इतिहास से छेड़छाड़ न करने का भी आग्रह किया। ज्ञापन सौंपने वालों में अमन गर्ग, राजन कौशिक, अनिल कुमार, तरूण बेरी, मनोज सैनी, अशोक चौधरी, मास्टर भोपाल सिंह, रीता गुलाटी आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
