विधिक सेवा प्राधिकरण हरिद्वार ने रोडीबेलवाला में चलाया स्वच्छता अभियान
1 min read
हरिद्वार। राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के निर्देशानुसार और प्रभारी जिला जज/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हरिद्वार की अध्यक्षता में, सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हरिद्वार ने जिला प्रशासन और नगर निगम हरिद्वार के सहयोग से रोडीबेलवाला क्षेत्र में एक व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया। अभियान का शुभारंभ प्रभारी जिला जज संजीव कुमार (अपर जिला जज द्वितीय) ने सीआरआर चौक, रोडीबेलवाला में उपस्थित न्यायिक अधिकारियों, जिला प्रशासन और विभिन्न विभागों के कर्मचारियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों, पैनल अधिवक्ताओं, एलएडीसी, पैरा लीगल वॉलंटियर्स, अधिकार मित्रों, जिला जजी और जिला विधि सेवा प्राधिकरण के सभी कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ दिलाकर किया।
तीन घंटे के इस श्रमदान अभियान के दौरान चिन्हित स्थानों से कूड़ा एकत्रित कर उसका निस्तारण किया गया और लोगों व दुकानदारों को कूड़ा कूड़ेदान में डालने तथा अपने आसपास सफाई रखने के प्रति जागरूक किया गया। अभियान का समापन सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हरिद्वार और नगर निगम द्वारा छायादार पौधों के रोपण के साथ हुआ। अंत में, सचिव ने सभी विभागों और सफाई कर्मचारियों तथा स्वच्छता योद्धाओं के कार्यों की सराहना करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।
