हरिद्वार: बेटों पर पिता की क्रिकेट बैट से पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप, शव का गुपचुप तरीके से किया अंतिम संस्कार
1 min read
हरिद्वार : सिडकुल थाना क्षेत्र के रावली महदूद इलाके में किराए पर रह रहे एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतक के मकान मालिक ने आरोप लगाया है कि उसके बेटों ने ही क्रिकेट बैट से पीट-पीटकर अपने पिता की हत्या की और फिर पुलिस को बिना सूचना दिए शव का अंतिम संस्कार कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, सिडकुल थाना क्षेत्र निवासी सुनील धनगर के मकान में बिजनौर का रहने वाला अशोक कुमार अपनी पत्नी और तीन बेटों के साथ किराए पर रहता था। अशोक राजा बिस्कुट चौक के पास एक ढाबा चलाता था।
सुनील धनगर के मुताबिक, रविवार रात अशोक घर लौटा तो वह अपने बेटों से झगड़ रहा था। उसके सिर पर चोट के निशान थे और वह अपने कमरे में चला गया। मकान मालिक ने देखा कि अशोक के बेटे सचिन और शिवम उसे सहारा देकर नीचे ला रहे थे। उसके सिर से खून बह रहा था और पट्टी बंधी हुई थी।
सुनील ने अशोक की पत्नी से उसे अस्पताल ले जाने को कहा। इसके बाद परिवार उसे लेकर चला गया, लेकिन रात भर कोई जानकारी नहीं मिली। अगली सुबह जब सुनील ने संपर्क किया तो पता चला कि अशोक की मौत हो चुकी है और उसका बिजनौर स्थित पैतृक गांव में अंतिम संस्कार कर दिया गया है, वह भी पुलिस को बिना सूचना दिए।
सुनील धनगर ने सिडकुल थाने में तहरीर दी है, जिसमें उन्होंने आरोप लगाया है कि अशोक के बेटों ने ही क्रिकेट बैट से हमला कर उसे मारा और सबूत छिपाने के लिए शव को जल्दबाजी में जला दिया।
पुलिस का कहना है कि यदि जांच में हत्या की पुष्टि होती है तो आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
