हरिद्वार संक्षिप्त: हरिद्वार जनपद की ताजा खबरें ,यहां देखें
1 min read
शांतिकुंज में गुरुपूर्णिमा महापर्व के दूसरे दिन हुए विविध कार्यक्रम: डॉ. चिन्मय पंड्या
हरिद्वार: गायत्री तीर्थ शांतिकुंज में चल रहे तीन दिवसीय गुरुपूर्णिमा महापर्व के दूसरे दिन भावपूर्ण आध्यात्मिक वातावरण में विविध कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। दिन की शुरुआत ध्यान-साधना से हुई, जिसके बाद चौबीस घंटे के गायत्री महामंत्र अखंड जप और हवन का आयोजन किया गया। देवसंस्कृति विश्वविद्यालय के प्रतिकुलपति डॉ. चिन्मय पंड्या ने अपने संदेश में कहा कि गुरुपूर्णिमा सद्गुरु की महाकृपा को अनुभव करने का पर्व के साथ ही शिष्य के समर्पण और साधना की पूर्णता का भी प्रतीक है। उन्होंने साधना की आवश्यकता और महत्व पर जोर दिया। शांतिकुंज महिला मंडल की प्रमुख श्रीमती शैफाली पंड्या ने नारी जागरण, आत्मनिर्भरता और शिक्षण अभियानों में परम वंदनीया माताजी भगवती देवी शर्मा जी के योगदान को रेखांकित किया। शांतिकुंज व्यवस्थापक योगेंद्र गिरि और जोनल समन्वयक डॉ. ओ.पी. शर्मा ने भी संबोधित किया। शांतिकुंज मीडिया विभाग ने बताया कि गुरुपूर्णिमा महापर्व का मुख्य कार्यक्रम गुरुवार को होगा, जिसमें श्रद्धेय डॉ. प्रणव पंड्या और श्रद्धेया शैलदीदी द्वारा सैकड़ों नवसाधकों को गायत्री मंत्र दीक्षा प्रदान की जाएगी।
चोरी की बाइक और घरेलू सामान के साथ दो गिरफ्तार

हरिद्वार: ज्वालापुर कोतवाली पुलिस ने दो आरोपियों, पंकज पुत्र विनोद कुमार और मोहम्मद शाहिब उर्फ सोनू पुत्र रियासत, को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एक चोरी की बाइक और घर से चोरी किया गया सामान बरामद किया है। ये आरोपी नशे के आदी हैं और नशे की लत पूरी करने के लिए चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। पुलिस ने इन्हें लालपुल नहर पटरी से गिरफ्तार किया और कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। पुलिस टीम में एएसआई अनिल सैनी, एएसआई गंभीर तोमर, कांस्टेबल रणवीर सिंह, दीपक चौहान, रवि कुमार और सतवीर सिंह शामिल रहे।
सोलर पावर प्लांट में कॉपर वायर चोरी कर रहे दो आरोपी गिरफ्तार, तीन फरार
हरिद्वार: भेल सेक्टर-3 स्थित सोलर पावर प्लांट में घुसकर कॉपर वायर चोरी कर रहे दो आरोपियों, अमन कपूर पुत्र विजेंद्र और सेंकी पुत्र उमेश, को पुलिस ने मौके पर ही दबोच लिया। पुलिस की दबिश के दौरान तीन अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश की जा रही है। आरोपियों के कब्जे से लगभग 35 हजार रुपये कीमत की 700 मीटर कॉपर वायर बरामद हुई। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि चोरी की घटना में उनके साथ राहुल, रवि थापा और एक अन्य अज्ञात आरोपी शामिल थे। रानीपुर कोतवाली प्रभारी कमल मोहन भंडारी, एएसआई सुबोध घिल्डियाल, कांस्टेबल रविंद्र बिष्ट और बीर सिंह ने यह कार्रवाई की।
शिवभक्तों और जनता पर भारी पड़ रही जल संस्थान की लापरवाही: सुनील सेठी

हरिद्वार: व्यापारी नेता और महानगर व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष सुनील सेठी ने आरोप लगाया है कि जल संस्थान की लापरवाही शिवभक्तों और स्थानीय जनता पर भारी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा दोगुना बजट जारी करने के बावजूद जल संस्थान पानी की सुचारू व्यवस्था करने में नाकाम है। सुनील सेठी ने ऋषिकुल कांवड़ यात्रा मार्ग, पार्किंग स्थलों, मुख्य बाजारों और उत्तरी हरिद्वार सहित मध्य हरिद्वार में जल आपूर्ति की कमी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सहित जिला प्रशासन द्वारा कांवड़ मेला व्यवस्थाओं की निगरानी के बावजूद जल संस्थान के अधिकारियों की लापरवाही के चलते पर्याप्त जलापूर्ति नहीं हो पा रही है। उन्होंने जिला प्रशासन और मुख्यमंत्री से जल्द व्यवस्था सुधारने के लिए जल संस्थान को निर्देशित करने की मांग की। प्रीतकमल सारस्वत, अनिल बिष्ट, रवि बिष्ट, राहुल अरोड़ा, सोनू चौधरी, एसके सैनी, सुनील मनोचा, राकेश सिंह, रवि बांगा और एसएन तिवारी ने भी जलापूर्ति व्यवस्था में सुधार की मांग की।
