शादी में तमंचा लहराना पड़ा महंगा, युवक गिरफ्तार
1 min read
हरिद्वार: रानीपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम गढ़मीरपुर में एक शादी समारोह में तमंचा लहराने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसके पास से एक तमंचा और एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार, कई माह पहले गढ़मीरपुर गांव में एक शादी समारोह के दौरान डांस करते हुए एक व्यक्ति द्वारा तमंचा लहराने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। यह वीडियो पुलिस के संज्ञान में आते ही आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई थी।
पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर सुमन नगर, गली नंबर 5 से आरोपी तज्जमुल उर्फ सोनू (उम्र 35 वर्ष) पुत्र निसार निवासी ईदगाह रोड, ग्राम गढ़, कोतवाली रानीपुर, हरिद्वार को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से एक तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।
पूछताछ में आरोपी तज्जमुल ने बताया कि उसने तमंचे को अपनी सुरक्षा के लिए रखा था। उसने लगभग एक महीने पहले ग्राम गढ़मीरपुर में एक शादी समारोह में डांस करते हुए यह तमंचा दिखाया था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर चालान कर दिया है।
