हरिद्वार: गंगा में डूबते दो कांवड़ियों को SDRF ने बचाया, लापरवाही पड़ रही भारी
1 min read

हरिद्वार: सावन माह में हरिद्वार के गंगा घाटों पर कांवड़ियों की भारी भीड़ उमड़ रही है। इसी बीच, गंगा के तेज बहाव में डूबने की घटनाएं भी सामने आ रही हैं। हालांकि, गंगा घाटों पर मुस्तैद SDRF (राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल) के जवान ऐसे श्रद्धालुओं के लिए देवदूत साबित हो रहे हैं। रविवार को भी SDRF के जवानों ने दो कांवड़ियों को डूबने से बचाकर नया जीवन दिया।
यह घटना हरिद्वार के कांगड़ा घाट पर हुई। हरियाणा के सोनीपत और उत्तर प्रदेश के नोएडा से आए दो कांवड़िए गंगा में स्नान करते समय अचानक पानी के तेज बहाव की चपेट में आ गए और डूबने लगे। गंगा घाट पर तैनात SDRF की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए राफ्ट बोट और लाइफ जैकेट का प्रयोग कर दोनों कांवड़ियों को सुरक्षित बाहर निकाला।
गौरतलब है कि प्रशासन और SDRF लगातार कांवड़ियों से ग्रिल के अंदर रहकर ही स्नान करने की अपील कर रहे हैं। इन ग्रिलों को श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए ही लगाया गया है, ताकि वे गहरे पानी में जाने से बच सकें। इसके बावजूद, कुछ कांवड़िए लापरवाही बरतते हुए इन ग्रिलों के बाहर गहरे पानी में चले जाते हैं, जिससे उनकी जान जोखिम में पड़ जाती है। SDRF के जवानों की त्वरित कार्रवाई और तत्परता से कई अनहोनी घटनाओं को टाला जा रहा है, लेकिन कांवड़ियों से भी संयम और सावधानी बरतने की अपील लगातार की जा रही है ताकि ऐसे हादसों से बचा जा सके।
