July 23, 2026

Mukti Mod News

सच की रहा पर सबसे आगे

ताजा खबर: हरिद्वार जनपद की ताजा खबरें, यहां देखें

1 min read
Listen to this article

श्रावण शिवरात्रि पर हरिद्वार के शिवालयों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

हरिद्वार: श्रावण मास की शिवरात्रि के पावन पर्व पर हरिद्वार के सभी पौराणिक और प्राचीन शिवालयों में जलाभिषेक के लिए भक्तों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। भगवान शंकर की ससुराल कनखल स्थित दक्षेश्वर महादेव मंदिर में आज सुबह 4:40 बजे से ही जलाभिषेक प्रारंभ हो गया। सभी शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की कई किलोमीटर लंबी कतारें लगी हुई थीं।
दक्षेश्वर महादेव मंदिर का विशेष महत्व है, क्योंकि मान्यता है कि सती ने यहीं हवन कुंड में अपने प्राण त्यागे थे और पूरे श्रावण मास में भगवान भोले शंकर यहीं विराजमान रहते हैं। यहां जलाभिषेक करने से सभी मन्नतें पूरी होती हैं। इसके अलावा, पौराणिक बिलकेश्वर महादेव मंदिर, जहां पार्वती ने भगवान शिव को पति रूप में प्राप्त करने के लिए तपस्या की थी; नीलेश्वर महादेव, जहां बैठकर भगवान शिव ने दक्ष के यज्ञ का विध्वंस देखा था; तथा गौरीशंकर महादेव, जहां भगवान शिव की बारात ठहरी थी, में भी विशेष रूप से श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी हुई थी।
इन मंदिरों के अतिरिक्त, नगर के अन्य प्राचीन मंदिर जैसे दरिद्र भंजन महादेव मंदिर, तिल भंडेश्वर महादेव मंदिर, और हरिहर आश्रम स्थित पारदेश्वर महादेव मंदिर में भी भारी संख्या में लोग जलाभिषेक के लिए पहुंच रहे थे।
कांवड़ मेला की समाप्ति के बाद जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने राहत की सांस ली है, और अब स्थानीय श्रद्धालुओं को सुविधापूर्वक जलाभिषेक कराने के लिए प्रशासन जुट गया है। जलाभिषेक के लिए आने वाले श्रद्धालुओं में महिलाओं की अधिक संख्या को देखते हुए सभी मंदिरों पर महिला पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया था। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, सावन में भगवान शिव अपनी ससुराल दक्ष महादेव मंदिर में विराजमान रहकर सृष्टि का संचालन करते हैं। जलाभिषेक के लिए आने वाले श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए दक्ष महादेव मंदिर को रंग-बिरंगी लाइटों से भव्य रूप से सजाया गया है।

पीएसी सब इंस्पेक्टर ने पेश की ईमानदारी की मिसाल, लौटाया मोबाइल फोन

हरिद्वार। सड़क पर गिरे मिले एक कीमती मोबाइल फोन को पीएसी सब इंस्पेक्टर ने उसके मालिक को लौटाकर ईमानदारी की मिसाल पेश की है। जानकारी के अनुसार, ख्याति ढाबा और भेल तिराहे के बीच गश्त पर तैनात पीएसी के सब इंस्पेक्टर इखलाक मलिक की नजर सड़क पर गिरे एक मोबाइल पर पड़ी। उन्होंने उसे उठाकर सुरक्षित रख लिया और मोबाइल के मालिक विकास कुमार से संपर्क कर उन्हें बुलाकर फोन उनके सुपुर्द कर दिया। मोबाइल फोन वापस पाकर विकास कुमार ने पुलिस का आभार व्यक्त किया।

मेला क्षेत्र का भ्रमण कर मेयर किरण जैसल ने दिए तेजी से सफाई करने के निर्देश

हरिद्वार। कांवड़ मेला के समापन पर मेयर किरण जैसल ने बुधवार को मेला क्षेत्र का भ्रमण कर सफाई अभियान का निरीक्षण किया और अधिकारियों-कर्मचारियों को तेजी से सफाई करने के निर्देश दिए। अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश देते हुए मेयर किरण जैसल ने कहा कि सभी के सहयोग से कांवड़ मेला सकुशल संपन्न होने के बाद मेला क्षेत्र और शहर की सफाई एक बड़ी चुनौती है।
इसके लिए नगर निगम की ओर से विशेष सफाई अभियान शुरू किया गया है। हरकी पैड़ी सहित तमाम घाटों, कांवड़ पटरी मार्ग, शहर के सभी पार्कों, सड़कों आदि पर फैले कचरे और गंदगी को साफ करने के लिए सभी अधिकारी-कर्मचारी युद्धस्तर पर सफाई अभियान में जुट जाएं। मेयर ने कहा कि सफाई अभियान में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने व्यापारी और स्थानीय लोगों से भी सफाई व्यवस्था में सहयोग करने का आह्वान किया, क्योंकि शहर को साफ-सुथरा रखना सभी की जिम्मेदारी है।

श्री अखंड परशुराम अखाड़े और व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने किया रुद्राभिषेक

हरिद्वार। श्रावण महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर श्री अखंड परशुराम अखाड़े और शिवमूर्ति व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने शिवमूर्ति चौक पर भगवान शिव की प्रतिमा पर रुद्राभिषेक किया। इस दौरान उन्होंने राज्य की सुख-समृद्धि की कामना की और प्रसाद वितरित किया। रुद्राभिषेक में मेयर किरण जैसल भी शामिल हुईं। मेयर किरण जैसल ने कहा कि जन-जन के आराध्य भगवान शिव सभी की मनोकामनाएं पूर्ण करते हैं।
श्री अखंड परशुराम अखाड़े के अध्यक्ष पंडित अधीर कौशिक ने कहा कि भगवान शिव और मां गंगा की कृपा से विशाल कांवड़ मेला सकुशल संपन्न हुआ है। पंडित अधीर कौशिक ने कांवड़ मेला सकुशल संपन्न होने पर पुलिस प्रशासन का आभार जताया और कांवड़ मेला व्यवस्था में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की। इस अवसर पर मुकेश शर्मा, अंबर गोयल, पार्षद दीपक शर्मा, पूर्व पार्षद राजीव भार्गव, प्रदीप बंसल, गौरव खंडूजा, वीरेंद्र अरोड़ा, आशीष बिश्नोई, रवि पंडित, हरिदत्त आदि उपस्थित रहे।

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *