भाकियू ने गुरुकुल कांगड़ी के आंदोलित कर्मचारियों का समर्थन किया
1 min read
हरिद्वार: गुरुकुल कांगड़ी समविश्वविद्यालय में चल रही कर्मचारियों की सांकेतिक हड़ताल को भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) ने समर्थन दिया है। भाकियू (टिकैत) के मंडल अध्यक्ष संजय चौधरी ने हड़ताल को संबोधित करते हुए कहा कि गुरुकुल की गरिमा और शैक्षिक वातावरण को दूषित नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाकियू संगठन स्तर पर गहन विचार-विमर्श के बाद इस आंदोलन में शामिल हुआ है।
उन्होंने केंद्र सरकार पर सार्वजनिक संस्थानों के निजीकरण की साजिश रचने का आरोप लगाया। जाट महासभा पंचपुरी के अध्यक्ष डी.के. चौधरी ने भी कर्मचारियों का समर्थन करते हुए कहा कि गुरुकुल को निजी हाथों की कठपुतली नहीं बनने दिया जाएगा, क्योंकि यह ग्रामीण बच्चों को कम शुल्क में शिक्षा प्रदान करता है। शिक्षकेत्तर कर्मचारी यूनियन के अध्यक्ष रजनीश भारद्वाज और महामंत्री नरेंद्र मलिक ने समर्थन के लिए भाकियू और जाट महासभा का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस समर्थन से कर्मचारियों के आंदोलन को नई ऊर्जा मिली है। इस मौके पर कई अन्य पदाधिकारी और सदस्य भी मौजूद रहे।
