हरिद्वार तहसील लक्सर में दो कारों की टक्कर, तीन लोग घायल
1 min read
हरिद्वार: लक्सर-बालावाली मुख्य मार्ग पर अकोढ़ा कला गांव के पास एक भीषण सड़क हादसा हुआ है। तेज रफ्तार से आ रही दो कारों की आमने-सामने की टक्कर हो गई, जिसके बाद दोनों गाड़ियाँ पुलिया की रेलिंग तोड़कर नाले में जा गिरीं।
इस हादसे में तीन लोग घायल हुए हैं, जिन्हें मामूली चोटें आई हैं। घायलों को तुरंत लक्सर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ इलाज के बाद उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक कार लक्सर से अमरोहा (उत्तर प्रदेश) जा रही थी, जबकि दूसरी रायसी से लक्सर की ओर आ रही थी। पुलिया के पास दोनों गाड़ियाँ तेज रफ्तार के कारण आपस में टकरा गईं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों गाड़ियाँ नाले में जा गिरीं।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों ने मदद की। उन्होंने एक कार के सनरूफ को तोड़कर उसके ड्राइवर को बाहर निकाला, जबकि दूसरी कार के यात्री खुद ही सुरक्षित बाहर निकल आए थे।
सूचना मिलते ही लक्सर पुलिस और अग्निशमन दल मौके पर पहुँचे। क्रेन की मदद से दोनों क्षतिग्रस्त कारों को नाले से बाहर निकाला गया। पुलिस मामले की जाँच कर रही है। लक्सर कोतवाली के वरिष्ठ उप निरीक्षक मनोज गैरोला ने बताया कि घायलों को इलाज के बाद घर भेज दिया गया है और गाड़ियों को हटा दिया गया है।
