महिला योग ट्रेनर की हत्या का राज़ खुला, हत्यारा गिरफ्तार
1 min read
नैनीताल, उत्तराखंड: हल्द्वानी में 22 दिन पहले हुई महिला योग ट्रेनर की हत्या का राज़ खुल गया है। पुलिस ने इस मामले में योग सेंटर के मालिक के छोटे भाई अभय कुमार उर्फ राजा को गिरफ्तार किया है। पुलिस की जांच में सामने आया है कि आरोपी ने अपने बड़े भाई के साथ महिला के अवैध संबंधों के चलते इस घटना को अंजाम दिया।
क्या है पूरा मामला?
31 जुलाई को हल्द्वानी के मुखानी थाना क्षेत्र में 35 वर्षीय महिला योग ट्रेनर अपने घर में मृत पाई गई थी। शुरुआत में इसे आत्महत्या माना गया, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या किए जाने का खुलासा हुआ। मृतका की मां ने 3 अगस्त को मुखानी थाने में हत्या का केस दर्ज कराया था।
पुलिस जांच में पता चला कि मृतका जिस योग सेंटर में काम करती थी, उसे दो भाई मिलकर चलाते थे। महिला का सेंटर के बड़े मालिक से संबंध था, जो छोटे भाई अभय को बिल्कुल पसंद नहीं था। बड़े भाई ने इन संबंधों के कारण अभय को पैसे देना बंद कर दिया था और उसे घर से भी निकाल दिया था।
कैसे हुई हत्या?
पुलिस के अनुसार, इसी बात से नाराज़ होकर अभय 30 जुलाई को महिला के घर गया। उसने पीछे से दुपट्टे से गला घोंटकर महिला की हत्या कर दी। हत्या करने के बाद, आरोपी उत्तराखंड से भागकर नेपाल चला गया था।
उत्तराखंड वापस आने पर, पुलिस ने मुखबिर की सूचना और सीसीटीवी फुटेज की मदद से उधम सिंह नगर के नगला से अभय को गिरफ्तार कर लिया।
एसएसपी नैनीताल प्रह्लाद नारायण मीणा ने बताया कि आरोपी मूल रूप से पश्चिमी चंपारण, बिहार का रहने वाला है। इस गिरफ्तारी के साथ ही 22 दिन पुराने हत्याकांड की गुत्थी सुलझ गई है।
