स्नातक स्तरीय परीक्षा का पेपर लीक होने का दावा
1 min read
यूकेएसएसएससी अध्यक्ष ने कहा ‘सिर्फ तीन पन्ने हुए लीक’
देहरादून, उत्तराखंड: उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) द्वारा रविवार को आयोजित स्नातक स्तरीय परीक्षा का प्रश्न पत्र कथित रूप से लीक हो गया है। उत्तराखंड बेरोजगार संघ ने दावा किया है कि परीक्षा शुरू होने के तुरंत बाद ही, सुबह 11:35 बजे उनके पास पेपर के कुछ अंश पहुँच गए थे। यह परीक्षा 11 बजे से 1 बजे तक आयोजित की गई थी।
बेरोजगार संघ का कहना है कि हरिद्वार के एक परीक्षा केंद्र से बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन के दौरान कुछ दस्तावेज़ बाहर भेजे गए हैं। संघ ने यह भी आरोप लगाया है कि किसी केंद्र से ‘B’ सीरीज की बुकलेट के कुछ प्रश्नों की तस्वीरें खींचकर बाहर भेजी गईं। इन आरोपों से एक बार फिर अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की परीक्षा प्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं।
वहीं, इन अनियमितताओं की खबरों पर यूकेएसएसएससी के अध्यक्ष गणेश सिंह मार्तोलिया ने कहा, “आप इसे पेपर लीक नहीं कह सकते। एक केंद्र से प्रश्नपत्र के सिर्फ तीन पन्ने किसी तरह लीक हुए हैं।” उन्होंने बताया कि “हमने सभी केंद्रों में जैमर लगाए थे ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि पेपर ऑनलाइन साझा न हो।” मार्तोलिया ने कहा कि आयोग इस मामले की जांच के लिए एसएसपी देहरादून और एसटीएफ को पत्र भेज रहा है, और आयोग अपने स्तर पर भी इसकी जाँच कर रहा है।
