मुख्यमंत्री धामी ने किया ‘जीएसटी बचत उत्सव’ में प्रतिभाग, घटी दरों पर जताया आभार
1 min read
हरिद्वार, 27 सितंबर 2025:
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को हरिद्वार के हरकी पैड़ी बाजार में आयोजित ‘जीएसटी बचत उत्सव’ जागरूकता कार्यक्रम में हिस्सा लिया। उन्होंने इस अवसर पर व्यापारियों और आम जनता से मिलकर जीएसटी की घटी दरों से मिल रहे लाभ पर प्रतिक्रिया ली।
मुख्यमंत्री धामी ने इस पहल के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी को धन्यवाद दिया, और कहा कि उनके नेतृत्व में देश में आर्थिक सुधारों का नया दौर शुरू हुआ है। उन्होंने घटी जीएसटी दरों को समाज के सभी वर्गों के जीवन को खुशहाल बनाने की ऐतिहासिक पहल बताया, जिससे उपभोक्ता वस्तुएं सस्ती हुई हैं और आम लोगों को लाभ मिलेगा।
धामी ने व्यापारियों से आग्रह किया कि वे ग्राहकों को घटी जीएसटी दरों की पूरी जानकारी दें। उन्होंने इस दौरान विभिन्न दुकानों से स्वदेशी एवं स्थानीय उत्पादों की खरीदारी करते हुए ‘स्वदेशी’ को प्राथमिकता देने का आह्वान किया, ताकि प्रदेश और देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिले, आयात पर निर्भरता कम हो और रोजगार के नए अवसर पैदा हों।
व्यापारियों और आम लोगों ने जीएसटी दरों में कमी का स्वागत किया और प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि नवरात्रि के पर्व पर हुई इस नई शुरुआत से बाजार और खरीदारों में काफी उत्साह है, और यह उत्सव आगामी दीपावली के पर्व के दौरान उनके जीवन और कारोबार में उल्लास भरेगा।
मुख्यमंत्री ने स्वयं विभिन्न प्रतिष्ठानों पर जनजागरूकता से संबंधित स्टीकर भी चिपकाए।
इस कार्यक्रम में विधायक मदन कौशिक, आदेश चौहान, मेयर किरन जेसल तथा जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल समेत कई अन्य गणमान्य व्यक्ति और व्यापारी उपस्थित थे।
