हरिद्वार जनपद की आज की ताजा खबरें ,यहां देखें
1 min read
पंचकर्म चिकित्सा पर दो दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन 29 सितंबर से
हरिद्वार। उत्तराखण्ड आयुर्वेद विश्वविद्यालय, ऋषिकुल परिसर के तत्वावधान में पंचकर्म चिकित्सा विज्ञान पर दो दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन 29 सितंबर से किया जा रहा है। इसका उद्घाटन राज्यपाल ले. जनरल गुरमीत सिंह करेंगे।
ऋषिकुल परिसर के निदेशक प्रो. डीसी सिंह ने बताया कि सम्मेलन का उद्देश्य आयुर्वेद और पंचकर्म चिकित्सा विज्ञान की नवीनतम प्रगति, शोध और अनुभवों को साझा कर पारंपरिक ज्ञान और आधुनिक शोध को जोड़ना है। सम्मेलन में देश-विदेश के ख्याति प्राप्त विशेषज्ञ शोधपत्र प्रस्तुत करेंगे। वैज्ञानिक सत्रों में प्रो. डॉ. आनंद चौधरी, प्रो. डॉ. अरुण गुप्ता, प्रो. डॉ. संतोष भट्टेड और डॉ. संजीव रस्तोगी व्याख्यान देंगे। मीडिया प्रमुख डॉ. राजीव कुरेले ने बताया कि इस दौरान सांस्कृतिक संध्या और अंतर महाविद्यालयीय क्विज प्रतियोगिता भी आयोजित होगी।
कुंभ मेला 2027 की तैयारियों को लेकर पुलिस अधिकारियों की बैठक

हरिद्वार। कुंभ मेला 2027 की तैयारियों के लिए आवश्यक संसाधनों की जानकारी और प्रस्तावों को अंतिम रूप देने हेतु कुंभ मेला नोडल अधिकारी आईजी डॉ. निलेश आनंद भरणे की अध्यक्षता में सीसीआर भवन में बैठक आयोजित की गई।
बैठक में एसएसपी हरिद्वार प्रमेन्द्र सिंह डोबाल, एसपी सिक्योरिटी मंजूनाथ टीसी सहित देहरादून, पौड़ी गढ़वाल, टिहरी गढ़वाल, एसडीआरएफ, एटीसी, और पीटीसी के पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में पुलिस बल की आवश्यकता, निर्माण कार्यों, उपकरणों की उपलब्धता और कार्मिकों के प्रशिक्षण जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई। आईजी डॉ. भरणे ने सभी तैयारियों को समय से पूरा करने के निर्देश दिए।
राजलोक कॉलोनी में हाथियों के आतंक से निजात दिलाने की मांग

हरिद्वार। ज्वालापुर स्थित राजलोक कॉलोनी के निवासी पिछले दो महीने से लगातार आ रहे जंगली हाथियों के झुंड से दहशत में हैं। हाथियों ने कई खड़ी गाड़ियों को क्षतिग्रस्त कर भारी नुकसान पहुंचाया है।
राजलोक कॉलोनी वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष विपिन गुप्ता, सचिव धीरेंद्र कुमार, और अन्य सदस्यों ने वन विभाग को बार-बार सूचना देने के बावजूद ठोस कार्रवाई न होने पर निराशा व्यक्त की है। कॉलोनीवासियों ने सुबह के समय हाथियों की मौजूदगी को बच्चों के स्कूल जाने के समय के लिए बेहद संवेदनशील बताया है। समिति अध्यक्ष विपिन गुप्ता और कार्यकारिणी सदस्य सूरज वाधवानी ने डीएफओ हरिद्वार से मुलाकात कर समस्या की गंभीरता पर चर्चा की। डीएफओ ने गश्त बढ़ाने और समाधान निकालने का आश्वासन दिया है। कॉलोनीवासियों ने तुरंत रात्रि गश्त शुरू करने और हाथियों को जंगल की ओर खदेड़ने के लिए विशेष टीम तैनात करने की मांग की है।
