जिला चिकित्सालयों के लिए 6.16 करोड़ का अनुमोदन, सुविधाओं को बेहतर बनाने के निर्देश
1 min read
हरिद्वार, 30 सितंबर 2025 जिलाधिकारी (DM) मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला चिकित्सालय और जिला महिला चिकित्सालय हरिद्वार की चिकित्सा प्रबन्धन समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने चिकित्सा सुविधाओं को बेहतर से बेहतर बनाने की दिशा में निरंतर कार्य करने पर ज़ोर दिया। उन्होंने अस्पताल आने वाले मरीजों और उनके तीमारदारों के लिए पर्याप्त बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने आवश्यक चिकित्सा उपकरणों, औषधि, रसायन और सर्जिकल सामग्री का क्रय समय पर करने को कहा। साथ ही, उन्होंने चिकित्सालय में आउटसोर्स कर्मियों की आपूर्ति हेतु टेंडर प्रक्रिया अपनाते हुए नियमानुसार कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि नियम और प्रक्रियाओं में किसी भी प्रकार की चूक न हो, और वरिष्ठ कोषाधिकारी को आउटसोर्स टेंडरिंग की फाइलों का गहनता से परीक्षण करने के निर्देश दिए। वित्तीय अनुमोदन: समिति द्वारा चैन राय महिला चिकित्सालय के लिए विभिन्न मदों में 2 करोड़ 81 लाख का अनुमोदन किया गया। हर मिलाप मिशन जिला चिकित्सालय के लिए विभिन्न मदों में 3 करोड़ 35 लाख का अनुमोदन किया गया। इस प्रकार, कुल 6 करोड़ 16 लाख रुपये का अनुमोदन किया गया। बैठक में पिछली बैठकों के प्रस्तावों की पुष्टि और विगत माहों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। प्रमुख अधीक्षक सचिव चिकित्सा प्रबंधन समिति, जिला चिकित्सालय डॉ. आर.वी. सिंह ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए बजट प्रस्ताव का एजेंडा और विवरण प्रस्तुत किया। बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी आर.के. सिंह, मुख्य वित्त अधिकारी अजय कुमार, सासंद, मेयर एवं विधायक प्रतिनिधि सहित कई अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे।
