उत्तराखंड के संक्षिप्त समाचार: उत्तराखंड, हरिद्वार में आज की गतिविधियों की ताजा खबरें, यहां देखें
1 min readशहर व्यापार मंडल ज्वालापुर के अध्यक्ष एवं महामंत्री ने की सड़क निर्माण कराने की मांग
हरिद्वार: शहर व्यापार मंडल ज्वालापुर के अध्यक्ष विपिन गुप्ता एवं महामंत्री विक्की तनेजा ने उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता को ज्ञापन सौंपकर हरिलोक तिराहे से सराय गाँव होते हुए एकड़ तक जाने वाली 3 किमी जर्जर सड़क का शीघ्र निर्माण कराने की मांग की। उन्होंने बताया कि यह सड़क चार वर्षों से बदहाल है और इससे दुर्घटनाएं हो रही हैं।
कनखल में वन वे रोड पर बेतरतीब तरीके से दौड़ रहे वाहन बन रहे जाम का कारण

हरिद्वार: कनखल में यातायात व्यवस्था चरमराई हुई है। कनखल थाने से चौक बाजार तक वन वे रोड पर बेतरतीब ढंग से चल रहे वाहनों के कारण जाम लग रहा है, जिससे व्यापारियों का व्यापार भी प्रभावित हो रहा है। व्यापारियों ने सिंहद्वार की तरफ से आने वाले वाहनों को बंगाली मोड़ होते हुए चौक बाजार भेजने का सुझाव दिया ताकि वन-वे व्यवस्था ठीक से लागू हो सके।
परमार्थ निकेतन में निःशुल्क चिकित्सा जाँच शिविर का शुभारम्भ
ऋषिकेश: परमार्थ निकेतन आश्रम में स्वामी चिदानन्द सरस्वती के सान्निध्य में निःशुल्क हृदय रोग तथा आर्थो-स्पाइन चिकित्सा जाँच शिविर का शुभारम्भ हुआ। यह शिविर आर्टेमिस अस्पताल, गुरुग्राम के विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में आयोजित है। शिविर में ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर, ईसीजी, थायरॉइड सहित कई महत्वपूर्ण जाँचें और आवश्यक दवाइयाँ पूर्णतः निःशुल्क प्रदान की जा रही हैं।
श्यामपुर पुलिस ने 02 बहुरूपिया बाबा भेषधारियों को किया गिरफ्तार
हरिद्वार: मुख्यमंत्री के निर्देश पर चलाए जा रहे “ऑपरेशन कालनेमी” के तहत थाना श्यामपुर हरिद्वार पुलिस ने नमामि गंगेघाट चंडीघाट क्षेत्र से दो बहुरूपिया बाबाओं को गिरफ्तार किया है। ये लोग तंत्र-मंत्र आदि का प्रदर्शन कर स्थानीय लोगों और पर्यटकों को आकर्षित कर रहे थे, जिससे भीड़भाड़ और उग्र होने की संभावना थी। इन्हें धारा 172(2) बी.एन.एस.एस. के तहत गिरफ्तार किया गया है।
कस्टडी से फरार हुए आरोपी को जीआरपी पुलिस ने फिर दबोचा
हरिद्वार: जीआरपी लक्सर पुलिस ने पुलिस कस्टडी से फरार हुए झपटमार अमजद उर्फ शहबाज को दोबारा गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने माल बरामदगी के दौरान पुलिसकर्मी को धक्का देकर फरार हुआ था। वह नशे और जुए का आदी है और जेल जाने के डर से भागा था। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर डोईवाला क्षेत्र से उसे गिरफ्तार किया है।
