देहरादून-हरिद्वार संक्षिप्त: जनपद में हरिद्वार की ताजा खबरें, यहां देखें
1 min read
कोतवाली में भिड़े दो पक्ष, पांच गिरफ्तार
हरिद्वार। ज्वालापुर कोतवाली में बयान दर्ज कराने पहुंचे दो गुट आपस में ही भिड़ गए। मामला 3 फरवरी को हुई एक मारपीट से जुड़ा था, जिसकी विवेचना के लिए एएसआई गंभीर तोमर ने दोनों पक्षों को बुलाया था। समझाने के बाद भी हंगामा न रुकने पर पुलिस ने शांति व्यवस्था भंग करने के आरोप में पांच युवकों (सुब्हान, शकीर, अमन, आहिल खान और साहिब मलिक) को गिरफ्तार कर लिया है।
मार्शल आर्ट्स में हरिद्वार के खिलाड़ियों का दबदबा

हरिद्वार। देहरादून में आयोजित ‘खेल महाकुंभ’ की स्टेट मार्शल आर्ट प्रतियोगिता में आशिहारा कराटे के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। टीम ने कुल 2 सिल्वर और 3 ब्रांज मेडल जीते। कुलश्रेष्ठ और सृष्टि सागर ने सिल्वर, जबकि निहाल, अभिराज और सवि पंत ने ब्रांज मेडल हासिल किया। स्टेट चीफ अमित कुमार चौधरी ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कड़ी मेहनत और एकाग्रता को सफलता का मूलमंत्र बताया।
स्कूलों में बाल अधिकारों के प्रति जागरूकता अभियान

देहरादून। जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देशन में रायपुर क्षेत्र के विभिन्न राजकीय विद्यालयों में बाल संरक्षण और सरकारी योजनाओं पर जागरूकता शिविर लगाया गया। इसमें लगभग 230 छात्र-छात्राओं को पोक्सो एक्ट, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, और ‘गुड टच-बैड टच’ जैसे संवेदनशील विषयों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को उनके अधिकारों के प्रति सशक्त और सुरक्षित बनाना रहा।
नारी निकेतन की संवासिनियों को कराया ‘एक्सपोज़र विजिट’

देहरादून। जिला प्रशासन की मानवीय पहल के तहत नारी निकेतन की महिलाओं और बालिका निकेतन की बच्चियों के लिए विशेष भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किया गया। संवासिनियों को मॉल में ‘बॉर्डर-2’ फिल्म दिखाई गई, जबकि बालिकाओं को राष्ट्रपति निकेतन का शैक्षिक भ्रमण कराया गया। डीएम सविन बंसल ने कहा कि ऐसे आयोजनों का लक्ष्य इन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ना और आत्मविश्वास पैदा करना है।
