परमार्थ निकेतन में 6वां राष्ट्रीय योगासन कोच प्रशिक्षण संपन्न
1 min readऋषिकेश। योग और भारतीय संस्कृति को वैश्विक पटल पर मजबूती देने के उद्देश्य से ‘योगासन भारत’ द्वारा आयोजित 6वां पांच दिवसीय राष्ट्रीय योगासन कोच प्रशिक्षण कार्यक्रम 2026 परमार्थ निकेतन आश्रम में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। समापन समारोह में स्वामी चिदानन्द सरस्वती और पूर्व वित्त मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
स्वामी चिदानन्द सरस्वती ने भारत सरकार के खेल मंत्रालय और वर्ल्ड योगासन के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि विश्व को आज संवेदनशील और प्रशिक्षित योग गुरुओं की आवश्यकता है। उन्होंने योग को प्रकृति और परमात्मा से जोड़ने वाला ‘पवित्र सेतु’ बताया।
पूर्व मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में योग अब एक वैश्विक आंदोलन बन चुका है और परमार्थ निकेतन इस दिशा में एक दिव्य केंद्र के रूप में कार्य कर रहा है। डॉ. जयदीप आर्य ने बताया कि यह प्रशिक्षण कार्यक्रम योग को एक खेल और अनुशासित जीवनशैली के रूप में स्थापित करने के लिए मील का पत्थर साबित होगा। इस कार्यशाला में देशभर के प्रतिभागियों ने योगासन की तकनीकी बारीकियों को सीखा।
