Mukti Mod News

सच की रहा पर सबसे आगे

चारधाम यात्रा 2026ः स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर व्यापक तैयारियां, 1350 डॉक्टरों की तैनाती

1 min read
Listen to this article

श्रद्वालुओं को राहतः चारधाम मार्ग पर बनेंगी 25 मेडिकल रिलीफ पोस्ट

हाई एल्टीटयूड चुनौतियों से निपटने को डॉक्टरों को विशेष प्रशिक्षण- डीजी हेल्थ

देहरादून:  आगामी 19 अप्रैल से प्रारंभ हो रही चारधाम यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने व्यापक एवं सुदृढ़ व्यवस्थाएं सुनिश्चित की हैं।श्रद्धालुओं की सुरक्षा और स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यात्रा मार्गों तथा ट्रांजिट कैंपों में चिकित्सा व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।स्वास्थ्य विभाग द्वारा यात्रा रूट पर लगभग 1350 डॉक्टरों एवं पैरामेडिकल कर्मियों की तैनाती हेतु विस्तृत रोस्टर तैयार किया गया है।ये टीमें विभिन्न पड़ावों,कैंपों एवं प्रमुख स्थलों पर 24घंटे सेवाएं प्रदान करेंगी,जिससे किसी भी आपात स्थिति में श्रद्धालुओं को त्वरित उपचार उपलब्ध कराया जा सके।सभी चिकित्सा कर्मियों को संबंधित जनपदों के मुख्य चिकित्सा अधिकारियों के अधीन रखा गया है।यात्रा के प्रमुख प्रवेश बिंदुओं पर स्क्रीनिंग एवं मेडिकल चेकअप की सख्त व्यवस्था की जा रही है।यात्रा मार्गों पर आवश्यक स्वास्थ्य संबंधी एडवाइजरी भी प्रदर्शित की जाएगी,ताकि श्रद्धालु यात्रा के दौरान सतर्क एवं सुरक्षित रह सकें।महानिदेशक,चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण,उत्तराखंड,डॉ.सुनीता टम्टा ने बताया कि चारधाम यात्रा के दौरान उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है।उन्होंने जानकारी दी कि विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं के लिए सरकारी एवं निजी मेडिकल कॉलेजों से विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती भी की जाएगी।इसके अतिरिक्त,यात्रा मार्गों पर 25 मेडिकल रिलीफ पोस्ट (एमआरपी) स्थापित किए जा रहे हैं,जिससे स्वास्थ्य सेवाओं का त्वरित लाभ सुनिश्चित किया जा सके।यात्रा प्रारंभ होने से पूर्व स्वास्थ्य विभाग द्वारा चिकित्सकों को जनपद स्तर एवं राजधानी स्थित मेडिकल कॉलेजों में विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है।इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य चिकित्सकों को उच्च हिमालयी क्षेत्रों में उत्पन्न होने वाली स्वास्थ्य समस्याओं से प्रभावी ढंग से निपटने हेतु सक्षम बनाना है। प्रशिक्षण के दौरान सांस लेने में कठिनाई,अत्यधिक थकान,रक्तचाप असंतुलन एवं हृदय संबंधी समस्याओं के त्वरित उपचार की विशेष जानकारी दी जा रही है।आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित एवं प्रभावी प्रतिक्रिया देने का अभ्यास भी कराया जा रहा है।स्वास्थ्य विभाग का मानना है कि इन सुदृढ़ व्यवस्थाओं एवं प्रशिक्षण के माध्यम से देश-विदेश से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को इस वर्ष चारधाम यात्रा के दौरान बेहतर,सुरक्षित एवं सुगम स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *