हरिद्वार: जनपद हरिद्वार की ताजा खबरें, यहां जानिए
1 min read
उत्तराखंड में बढ़ते अपराधों को लेकर महिला कांग्रेस मुखर
महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष अंजू मिश्रा ने भाजपा सरकार पर महिलाओं के प्रति असंवेदनशील होने का आरोप लगाया है। हरिद्वार प्रेस क्लब में पत्रकारों से वार्ता करते हुए उन्होंने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड जैसे मामलों ने देवभूमि को शर्मसार किया है और अब देहरादून में सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर की हत्या ने सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि अपराधों में सत्ता पक्ष से जुड़े लोगों की संलिप्तता बढ़ रही है। इस दौरान महानगर अध्यक्ष अमन गर्ग सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
वेंडिंग जोन के लघु व्यापारियों के लाइसेंस नवीनीकरण की प्रक्रिया शुरू

नगर निगम हरिद्वार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए लघु व्यापारियों के लाइसेंस और परिचय पत्र नवीनीकरण का कार्य शुरू कर दिया है। नगर आयुक्त नंदन कुमार के निर्देश पर ललतारो पुल वेंडिंग जोन में एकदिवसीय शिविर लगाया गया। लघु व्यापार एसोसिएशन के प्रांतीय अध्यक्ष संजय चोपड़ा ने प्रक्रिया के सरलीकरण के लिए प्रशासन का आभार जताया और वेंडिंग जोन को सौंदर्यकरण योजना में शामिल करने की मांग की। निगम के वरिष्ठ लिपिक शिव सिंह चौहान ने बताया कि नवीनीकरण के साथ-साथ अवैध अतिक्रमण पर भी कार्रवाई जारी रहेगी।
परीक्षा परिणामों में गड़बड़ी पर राजकीय महाविद्यालय में हंगामा

राजकीय महाविद्यालय भूपतवाला के छात्रों ने परीक्षा परिणामों में कथित तकनीकी गड़बड़ी और लापरवाही को लेकर जमकर नारेबाजी की। छात्र संघ अध्यक्ष आकाश खत्री ने आरोप लगाया कि परीक्षा देने के बावजूद कई छात्रों को अनुपस्थित दिखाकर फेल कर दिया गया है। छात्रों ने कॉलेज प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि जल्द ही परिणाम ठीक नहीं किए गए, तो वे तालाबंदी और अनशन करेंगे। परीक्षा प्रभारी डॉ. युवराज ने विश्वविद्यालय से वार्ता कर चार-पांच दिनों में समस्या के समाधान का आश्वासन दिया, जिसके बाद छात्र शांत हुए।
