रुड़की: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट का भव्य स्वागत, नवनियुक्त सदस्यों का किया गया सम्मान
1 min read
रुड़की के सिविल लाइंस जादूगर रोड स्थित जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी के कैंप कार्यालय पर उत्तराखंड भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट का भव्य स्वागत किया गया। ढोल-नगाड़ों और फूल-मालाओं के बीच आयोजित इस कार्यक्रम में सैकड़ों कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे। इस दौरान नवनियुक्त सदस्यों का विशेष सम्मान भी किया गया। प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी ने गोपाल कुंडलीवाल को पीएम एजेए में राज्य सलाहकार सदस्य, सुमन रौतेला को राज्य महिला आयोग की सदस्य और राजपाल कश्यप को राज्य पिछड़ा वर्ग कल्याण परिषद के सदस्य के रूप में मनोनीत होने पर शुभकामनाएं दीं।
अपने संबोधन में महेंद्र भट्ट ने कहा कि संगठन के समर्पित कार्यकर्ताओं को दायित्व मिलना पूरे प्रदेश के लिए गौरव की बात है। उन्होंने जोर देकर कहा कि भाजपा योग्य और कर्मठ साथियों को आगे बढ़ाने में विश्वास रखती है और सरकार का लक्ष्य अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी ने इन नियुक्तियों को हरिद्वार जनपद के लिए हर्ष का विषय बताया और कहा कि संगठन व जनप्रतिनिधि मिलकर विकास को नई दिशा देंगे। कार्यक्रम के अंत में प्रदेश अध्यक्ष ने आमजन की समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित समाधान का आश्वासन दिया। इस अवसर पर पवन तोमर, अक्षय प्रताप, विकास पाल, सुबोध शर्मा और सचिन चौधरी सहित कई वरिष्ठ भाजपा नेता व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
