हरिद्वार ग्रामीण में कांग्रेस का किला ढहा: 35 साल पुराने वफादार साधुराम चौहान समर्थकों संग भाजपा में शामिल
1 min read
हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस को उस समय एक बड़ा झटका लगा जब पार्टी के लिए करीब 35 वर्षों से समर्पित वरिष्ठ नेता साधुराम चौहान ने अपने भारी समर्थकों के साथ भाजपा का दामन थाम लिया। पूर्व कैबिनेट मंत्री और भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष स्वामी यतीश्वरानंद के नेतृत्व में सभी नेताओं ने प्रदेश कार्यालय पहुंचकर पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों ने फूल-मालाएं पहनाकर उनका स्वागत किया। इस अवसर पर महेंद्र भट्ट ने कहा कि कांग्रेस अपनी तुष्टिकरण की राजनीति के कारण लगातार जनाधार खो रही है और अब भाजपा का लक्ष्य हर बूथ पर कांग्रेस का सूपड़ा साफ करना है।
भाजपा में शामिल होने के बाद साधुराम चौहान ने विधायक अनुपमा रावत की कार्यशैली पर तीखे सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि 35 सालों तक कांग्रेस की सेवा करने और हरीश रावत के परिवारवाद का साथ देने के बावजूद क्षेत्र में कोई विकास कार्य नहीं हुआ। उन्होंने विधायक पर जनता के साथ धोखा करने और द्वेष की राजनीति फैलाने का आरोप लगाया। चौहान ने स्पष्ट किया कि वे स्वामी यतीश्वरानंद द्वारा बिना विधायक निर्वाचित हुए भी कराए जा रहे विकास कार्यों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की नीतियों से प्रभावित होकर भाजपा में आए हैं।
स्वामी यतीश्वरानंद ने इस सदस्यता अभियान को कांग्रेस के लिए बड़ा झटका बताया। उनके साथ भाजपा में शामिल होने वालों में साधुराम चौहान की पुत्रवधु पूर्व जिला पंचायत सदस्य सोनी चौहान, अजय प्रताप, जगत सिंह चौहान, मलखान सिंह, सचिन चौहान और मदन सिंह सहित दर्जनों कार्यकर्ता शामिल रहे। गौरतलब है कि विधायक अनुपमा रावत के कथित विकास विरोधी रवैये के कारण क्षेत्र के कई अन्य मजबूत स्तंभ जैसे अजय चौधरी, ठाकुर अर्जुन सिंह और नसीम अंसारी भी पहले ही कांग्रेस छोड़ चुके हैं। इस दौरान राज्यमंत्री डॉ. जयपाल चौहान, ब्लॉक प्रमुख आशा नेगी और कई अन्य वरिष्ठ भाजपा नेता मौजूद रहे।
