ताजा खबरें: जनपद हरिद्वार की ताजा खबरेंz यहां देखें
1 min read
गौ-वंश संरक्षण के लिए संस्कृति मंत्रालय के गठन की मांग
हरिद्वार। गौ-संरक्षण और संवर्धन को लेकर राजेश दवे ने प्रेस क्लब में पत्रकारों से वार्ता की। उन्होंने मांग की कि केंद्र सरकार को ‘संस्कृति मंत्रालय’ का गठन करना चाहिए ताकि पालतू पशुओं का सटीक डेटा एकत्र हो सके। दवे ने गौ-हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध और समाज के सभी वर्गों से गौ-सेवा में सहभागिता की अपील की। उन्होंने संतों से भी इस पुनीत कार्य के लिए आगे आने का आग्रह किया।
‘एक्स मुस्लिम यात्रा’ पर हरिद्वार में बढ़ा विवाद

हरिद्वार। हर की पैड़ी पर ‘एक्स मुस्लिम यात्रा’ के पहुंचने के बाद विवाद गहरा गया है। श्रीगंगा सभा के अध्यक्ष नितिन गौतम द्वारा स्वामी रामविशाल दास को ‘कालनेमि’ कहे जाने पर पलटवार करते हुए स्वामी ने इसे संतों का अपमान बताया। स्वामी रामविशाल ने श्रीगंगा सभा से नितिन गौतम को बाहर करने की मांग की और शास्त्रार्थ (डिबेट) की चुनौती दी। इस मुद्दे पर रणनीति बनाने के लिए बुधवार को संत समाज की बैठक बुलाई गई है।
हिंदू महासभा का 112वां स्थापना दिवस संपन्न

हरिद्वार। अखिल भारत हिंदू महासभा का 112वां स्थापना दिवस कनखल की राजपूत धर्मशाला में उत्साह के साथ मनाया गया। राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. मुन्ना कुमार शर्मा ने कार्यकर्ताओं को भारत को अखंड हिंदू राष्ट्र बनाने का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि हिंदू हितों की रक्षा और गौ-हत्या पर प्रतिबंध के लिए हिंदुओं का संगठित होना अनिवार्य है। कार्यक्रम में कई महामंडलेश्वरों और गणमान्य पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया।
एस.एम.जे.एन. कॉलेज में अंबेडकर दर्शन पर विचार गोष्ठी

हरिद्वार। एस.एम.जे.एन. पीजी कॉलेज के आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ द्वारा डॉ. भीमराव अंबेडकर के जीवन और कार्यों पर एक विचार गोष्ठी आयोजित की गई। प्राचार्य प्रो. सुनील कुमार बत्रा ने विद्यार्थियों को बाबा साहेब के तीन स्तंभों—शिक्षा, चरित्र और नैतिकता—को आत्मसात करने की प्रेरणा दी। उत्कृष्ट विचार प्रस्तुत करने वाले छात्र-छात्राओं को मेडल देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. मीनाक्षी शर्मा ने किया।
