हरिद्वार: चंडी देवी पैदल मार्ग के पास जंगल में मिला महिला का शव, शिनाख्त के लिए पुलिस ने जारी किया हुलिया
1 min read
हरिद्वार। धर्मनगरी के कोतवाली श्यामपुर क्षेत्र में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब चंडी देवी मंदिर रोपवे के समीप पैदल मार्ग से सटे जंगल में एक अज्ञात महिला का शव बरामद हुआ। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और महिला की पहचान के प्रयास तेज कर दिए हैं।
वन कर्मियों ने दी पुलिस को सूचना
जानकारी के मुताबिक, 10 मई को वन विभाग के कर्मचारियों ने चंडीघाट चौकी पुलिस को सूचना दी कि जंगल के भीतर एक महिला का शव पड़ा हुआ है। खबर मिलते ही थानाध्यक्ष श्यामपुर, चंडीघाट चौकी प्रभारी संतोष सेमवाल और महिला उपनिरीक्षक रचना पठानिया पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
3-4 दिन पुराना है शव
पुलिस को मौके पर जो शव मिला, उसकी उम्र लगभग 30 से 35 वर्ष के बीच आंकी जा रही है। शव की स्थिति को देखते हुए अनुमान लगाया जा रहा है कि मौत करीब 3 से 4 दिन पहले हुई है। चेहरा खराब हो जाने के कारण तत्काल पहचान करना मुश्किल हो गया है। फील्ड यूनिट की टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और शव को जिला चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवा दिया गया है।
टैटू बन सकते हैं पहचान का आधार
पुलिस के अनुसार, मृतका का रंग गेहूंआ और लंबाई करीब 5 फुट है। पहचान के लिए सबसे महत्वपूर्ण सुराग महिला के शरीर पर बने टैटू हैं:
- दाहिने हाथ की कलाई पर: अंग्रेजी में ‘KAUSHILYA’ लिखा है और साथ ही एक गमले वाले फूल का चित्र बना है।
- बांये हाथ की कलाई पर: दिल के आकार का टैटू है, जिसके भीतर अंग्रेजी में ‘K.R’ लिखा है।
- बांये हाथ की हथेली पर: ‘ॐ’ का धार्मिक चिन्ह गुदा हुआ है।
पुलिस की अपील
श्यामपुर पुलिस ने आमजन और अन्य जिलों की पुलिस से अपील की है कि यदि इस हुलिये की महिला से संबंधित कोई भी जानकारी या गुमशुदगी की रिपोर्ट हो, तो तत्काल कोतवाली श्यामपुर में संपर्क करें। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है ताकि महिला की शिनाख्त हो सके और मौत के सही कारणों का पता लगाया जा सके।
