हरिद्वार संक्षिप्त: हरिद्वार में राजनीति, धर्म, सामाजिक सरोकार और जनहित मुद्दों पर बढ़ी गतिविधियां
1 min read
हरिद्वार ग्रामीण युवा कांग्रेस की बैठक में संगठन विस्तार पर जोर
युवा कांग्रेस की हरिद्वार ग्रामीण कार्यकारिणी बैठक ज्वालापुर में आयोजित हुई। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, युवाओं की भागीदारी बढ़ाने और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों पर चर्चा हुई। प्रदेश अध्यक्ष विशाल भोजक ने कहा कि युवा कांग्रेस बेरोजगारी, महंगाई और शिक्षा जैसे मुद्दों पर युवाओं की आवाज बनकर संघर्ष करेगी।
हलाला मामले की पीड़िता से मिले वक्फ बोर्ड अध्यक्ष

उत्तराखंड वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष शादाब शम्स हलाला प्रकरण दर्ज कराने वाली पीड़िता से मिलने पहुंचे। उन्होंने मुख्यमंत्री का संदेश देते हुए कहा कि सरकार पीड़ित महिला को शीघ्र न्याय दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। साथ ही कानूनी लड़ाई का पूरा खर्च वक्फ बोर्ड द्वारा उठाने की घोषणा की गई।
एचआरडीए सचिव साइकिल चलाकर पहुंचे कार्यालय

हरिद्वार रुड़की विकास प्राधिकरण के सचिव मनीष सिंह मंगलवार को अपने आवास से करीब 13 किलोमीटर साइकिल चलाकर कार्यालय पहुंचे। उन्होंने प्रधानमंत्री की ईंधन संरक्षण और पर्यावरण बचाने की अपील से प्रेरित होकर यह कदम उठाया। उनके इस प्रयास की लोगों ने सराहना की।
स्वामी रामेश्वरानंद सरस्वती बने भारतीय किसान यूनियन सर्व के संरक्षक

भारतीय किसान यूनियन सर्व ने महामंडलेश्वर स्वामी रामेश्वरानंद सरस्वती को राष्ट्रीय संरक्षक नियुक्त किया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में किसानों की समस्याओं, पर्यावरण संरक्षण और आगामी किसान महाकुंभ पर चर्चा हुई। पदाधिकारियों ने उनका स्वागत कर मार्गदर्शन प्राप्त किया।
हरकी पैड़ी पर श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन

हर की पैड़ी पर पुरुषोत्तम मास के अवसर पर श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन जारी है। कथा व्यास पुण्डरीक गोस्वामी महाराज ने कहा कि जीवन का प्रत्येक क्षण अच्छे कर्मों और प्रभु भक्ति में लगाना चाहिए। कथा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भक्ति रस का आनंद लिया।
सुराज सेवा दल ने नगर निगम भूमि घोटाले की जांच पर उठाए सवाल

सुराज सेवा दल के प्रदेश अध्यक्ष रमेश जोशी ने नगर निगम भूमि घोटाले की जांच पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की। प्रेस वार्ता में उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकारियों और भूमाफियाओं की मिलीभगत से घोटाला हुआ। उन्होंने 23 मई को राजस्व परिषद कार्यालय पर धरना देने की घोषणा की।
मांसाहार की होम डिलीवरी पर रोक लगाने की मांग

श्री अखंड परशुराम अखाड़ा ने जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर धर्मनगरी हरिद्वार में मांसाहार की होम डिलीवरी पर रोक लगाने की मांग की। अखाड़े के पदाधिकारियों ने कहा कि म्युनिसिपल बॉयलॉज के अनुसार हरिद्वार में मांसाहार और शराब प्रतिबंधित हैं, इसलिए नियमों का सख्ती से पालन कराया जाए।
