उत्तराखंड में जनकल्याण योजनाओं से लेकर जनसुनवाई और प्रशासनिक सक्रियता तक कई महत्वपूर्ण पहलें
1 min read
सबसे दूर सबसे पहले अभियान शुरू जनजातीय गांवों तक पहुंचेगी हर योजना
देहरादून। जनजातीय कार्य मंत्रालय भारत सरकार के निर्देशानुसार विशेष रूप से कमजोर जनजाति समूह तथा अन्य जनजातीय समुदायों को केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से पूर्ण रूप से लाभान्वित करने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री जन मन योजना एवं धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के अंतर्गत जनभागीदारी सबसे दूर सबसे पहले अभियान का शुभारंभ किया गया। यह अभियान 18 मई से 25 मई तक जनपद देहरादून के चयनित चार विकासखंडों के 80 गांवों में संचालित किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य दूरस्थ जनजातीय क्षेत्रों में रहने वाले परिवारों तक शासन की योजनाओं और सेवाओं की प्रभावी पहुंच सुनिश्चित करना है। इसके तहत स्वास्थ्य शिक्षा सामाजिक सुरक्षा स्वरोजगार पेंशन राशन कार्ड आयुष्मान कार्ड आधार पंजीकरण और बैंकिंग सेवाओं से संबंधित लाभ एवं जानकारी पहुंचाई जाएगी। जिला समाज कल्याण अधिकारी दीपांकर घिल्डियाल ने पौधरोपण कर अभियान का शुभारंभ किया। अधिकारियों ने कहा कि अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना ही इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है।
राज्यपाल ने मां नयना देवी मंदिर में पूजा अर्चना की

नैनीताल। सोमवार को राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने मां नयना देवी मंदिर में पूजा अर्चना कर प्रदेश की सुख शांति समृद्धि और खुशहाली की कामना की। मंदिर दर्शन के बाद उन्होंने गुरुद्वारा साहिब नैनीताल पहुंचकर मत्था टेका और अरदास की। इस दौरान उन्होंने गुरुद्वारा प्रबंधन से व्यवस्थाओं की जानकारी भी ली। राज्यपाल ने कहा कि नयना देवी मंदिर में दर्शन करने पर उन्हें विशेष आध्यात्मिक ऊर्जा और आत्मिक शांति का अनुभव होता है। उन्होंने कहा कि नैनीताल झील के समीप स्थित गुरुद्वारा साहिब अपनी सुंदरता और आध्यात्मिक वातावरण के लिए विशेष पहचान रखता है।
जन समस्याओं के समाधान का भरोसा बना जन दर्शन फरियादियों की संख्या 300 पार

देहरादून। जिलाधिकारी सविन बंसल की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित ऋषिपर्णा सभागार में आयोजित जन मिलन जन दर्शन कार्यक्रम में 300 से अधिक शिकायतों की सुनवाई की गई। भूमि विवाद सीमांकन अवैध कब्जा भूमि मुआवजा विद्युत पेयजल राशन कार्ड और आर्थिक सहायता सहित विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखी गईं। जिलाधिकारी ने सभी मामलों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। कार्यक्रम में कई संवेदनशील मामले भी सामने आए जिनमें बुजुर्ग को घर से निकाले जाने का मामला प्रमुख रहा। जिलाधिकारी ने भरण पोषण अधिनियम के तहत वाद दर्ज कर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके अलावा महिला स्वरोजगार ऋण राशन कार्ड और सार्वजनिक परिवहन से जुड़ी समस्याओं पर भी संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने राजस्व विभाग की मासिक समीक्षा बैठक ली

नैनीताल। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राजस्व विभाग की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में लंबित राजस्व वादों कानून व्यवस्था राजस्व और अभियोजन कार्यों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने पुराने मामलों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर जोर देते हुए अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने सभी उप जिलाधिकारियों को नियमित तहसील निरीक्षण करने तथा रिपोर्ट जिला कार्यालय को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। नगरीय और पैरी अर्बन क्षेत्रों में राउंड द क्लॉक स्वच्छता अभियान चलाने के साथ अवैध शराब के कारोबार पर सख्त कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए। सरकारी भूमि संरक्षण और योजनाओं की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए थर्ड पार्टी जांच कराने के आदेश भी जारी किए गए।
