चारधाम यात्रा में खाद्य सुरक्षा अभियान तेज, योग जागरण, कांग्रेस श्रद्धांजलि और संयुक्त ट्रेड यूनियन मोर्चा की गतिविधियां तेज
1 min read
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने विभिन्न ढाबों का किया निरीक्षण, 12 किलो खुला मसाला नष्ट कराया
हरिद्वार। चारधाम यात्रा 2026 को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा जनपद में लगातार निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानन्द जोशी के नेतृत्व में टीम ने सुभाष घाट, कुशावत घाट, दीनदयाल पार्किंग, दिल्ली नेशनल हाईवे एवं रावली महदूद क्षेत्र स्थित ढाबों, कैंटीनों, होटलों और डेयरियों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन एवं पवन कुमार भी मौजूद रहे। टीम ने कुल 10 खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की तथा प्रयोगशाला परीक्षण के लिए 9 खाद्य पदार्थों के नमूने लिए। इनमें पनीर, खुला मसाला, तैयार खाद्य पदार्थ, राजमा साबुत और बेकरी उत्पाद शामिल हैं।
खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 की धारा 32 के तहत निरीक्षण में कई अनियमितताएं पाई गईं। अस्वास्थ्यकर परिस्थितियों में खाद्य सामग्री का संग्रहण, खाद्य पदार्थों में बाहरी अखाद्य तत्वों की मौजूदगी, बासी एवं सड़े-गले खाद्य पदार्थों का उपयोग तथा फूड लाइसेंस एवं आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत न करने पर 9 प्रतिष्ठान संचालकों को नोटिस जारी किए गए।
विभागीय टीम ने मौके पर दो ढाबों से करीब चार किलो बदबूदार खुला पनीर और एक ढाबे से 12 किलो खुला मसाला नष्ट कराया। साथ ही खाद्य कारोबारियों को प्रतिष्ठान पर फूड लाइसेंस और फूड सेफ्टी डिस्प्ले बोर्ड अनिवार्य रूप से लगाने के निर्देश दिए गए। विभाग ने स्पष्ट किया कि चारधाम यात्रा के दौरान यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 को लेकर आयुष विभाग चलाएगा डिजिटल जनजागरण अभियान

हरिद्वार। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के अवसर पर आयुष विभाग द्वारा जनपद में विशेष डिजिटल योग जनजागरण अभियान संचालित किया जाएगा। आयुष एवं आयुष शिक्षा मंत्री मदन कौशिक के निर्देशन में आयोजित होने वाले इस अभियान के तहत योग को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म का व्यापक उपयोग किया जाएगा।
जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. स्वास्तिक सुरेश ने बताया कि योग दिवस केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि स्वस्थ समाज निर्माण का अभियान है। उन्होंने कहा कि विभाग का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को योग से जोड़ते हुए स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना है।
अभियान के सफल संचालन के लिए डॉ. भास्कर आनंद को नोडल अधिकारी तथा डॉ. विकास दुबे और डॉ. अश्वनी कौशिक को सह नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं आयुष मिशन विशेषज्ञ डॉ. अवनीश कुमार उपाध्याय को विभिन्न गतिविधियों के समन्वय एवं प्रचार-प्रसार की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
आयुष विभाग ने सभी आयुष चिकित्सालयों, आयुष्मान आरोग्य मंदिरों एवं स्वास्थ्य इकाइयों में तैनात कर्मचारियों को “नमस्ते योग ऐप” और “योग ब्रेक ऐप” डाउनलोड कर आमजन को भी योग से जोड़ने के निर्देश दिए हैं। इसके अतिरिक्त योग करते हुए फोटो एवं लघु वीडियो सोशल मीडिया पर साझा कर लोगों को प्रेरित किया जाएगा।
डॉ. अवनीश कुमार उपाध्याय ने कहा कि आधुनिक जीवनशैली में बढ़ते तनाव के बीच योग शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक स्वास्थ्य का प्रभावी माध्यम बनकर उभरा है। नियमित योगाभ्यास से रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है तथा व्यक्ति सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव करता है।
आयुष विभाग द्वारा आगामी दिनों में विद्यालयों, संस्थानों और सार्वजनिक स्थलों पर सामूहिक योग अभ्यास, जागरूकता कार्यक्रम और विशेष अभियान भी संचालित किए जाएंगे।
संयुक्त संघर्षशील ट्रेड यूनियन मोर्चा ने की श्रमिक नेताओं पर दर्ज मुकद्मे वापस लेने की मांग

हरिद्वार। संयुक्त संघर्षील ट्रेड यूनियन मोर्चा के पदाधिकारियों ने सिडकुल मजदूरों के अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहे श्रमिक नेताओं पर दर्ज मुकद्मे वापस लिए जाने की मांग की है। गुरूवार का प्रेस क्लब सभागार में पत्रकारों से वार्ता करते हुए भेल मजदूर ट्रेड यूनियन के अध्यक्ष राजकिशोर ने कहा कि सिडकुल में श्रम कानून का उलंघन किया जा रहा है। कारखानो में मजदूरों की स्थिति बदहाल हो चुकी है।फैक्ट्री प्रबंधन मजूदरों को पर्याप्त वेतन और अन्य सुविधाएं नहीं दे पा रहे हैं।उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम वेतन और ओवरटाइम भुगतान की मांग न्याय पूर्ण है। 12-12घंटे काम करने के बाद भी श्रमिकों को पर्याप्त वेतन न मिलना श्रम कानूनों का खुला उल्लंघन है।महंगाई के इस दौर में कम वेतन में श्रमिक घर नहीं चला पा रहे हैं।जिससे श्रमिक मानसिक पीड़ा से जूझ रहे हैं।उन्होंने कहा कि श्रमिकों के अधिकारों की मांग करने वालों पर प्रबंधक मुकदमे दर्ज करा रहे हैं।न्याय पूर्ण मांग भी श्रमिक नहीं कर पा रहे हैं।श्रमिक नेताओं पर दर्ज मुकद्मों को तत्काल वापस लिया जाए। देवभूमि श्रमिक संगठन के महामंत्री अवधेश कुमार ने कहा कि श्रमिकों की लड़ाई जारी रहेगी। दबाव के आगे श्रमिक झुकने वाले नहीं है।शासन प्रशासन मलिक प्रबंधन के गठजोड़ के चलते श्रमिकों पर दबाव डालने का काम किया जा रहा है।उन्होंने कहा कि श्रमिकों को हितों में किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं है।इंकलाबी मजदूर केंद्र के केंद्रीय उपाध्यक्ष पंकज ने कहा कि श्रमिक आंदोलन क्यों कर रहे हैं।फैक्ट्री प्रबंधन एवं श्रम विभाग के अधिकारियों को इस विषय पर गंभीरता से ध्यान देना चाहिए।श्रमिक कम वेतन में ज्यादा काम कर रहे हैं। न्यूनतम वेतन नहीं दिया जा रहा है।ओवर टाइम को लेकर भी स्थिति स्पष्ट नहीं की जा रही है।उन्होंने कहा कि श्रमिकों की लड़ाई राजनीतिक और कानूनी रूप से लड़ी जाएगी।मांग करने वाले श्रमिकों पर झूठे मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं।जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।शोषण उत्पीड़न के खिलाफ संघर्ष कंधे से कंधा मिलाकर किया जाएगा।उन्होंने कहा कि फर्जी मुकदमों को तुरंत वापस लिया जाए।इस दौरान दिनेश कुमार,अनिल कुमार,हरि सिंह,नसीर अहमद,प्रदीप आदि विभिन्न श्रमिक संगठनों से जुड़े प्रतिनिधि मौजूद रहे।
जिला कांग्रेस कमेटी ने दी पूर्व प्रधानमंत्री स्व.राजीव गांधी को श्रद्धांजलि


हरिद्वार। जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा पूर्व प्रधानमंत्री स्व.राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर मोहल्ला कड़च्छ अंबेडकर भवन में आयोजित श्रद्धांजलि सभा का का संचालन नगर अध्यक्ष यशवंत सैनी ने किया।इस अवसर पर कांग्रेस जिला अध्यक्ष बालेश्वर सिंह,राजबीर चौहान,एससी विभाग के जिलाध्यक्ष तीरथपाल रवि ने पूर्व प्रधानमंत्री स्व.राजीव गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि स्व राजीव गांधी की आधुनिक भारत की सोच,सूचना तकनीकी और युवा सशक्तिकरण की नीति ने देश को आगे बढ़ाया।राजीव चौधरी,रविश भटीजा,मकबूल कुरैशी एवं सुनीता सिंह ने कहा कि स्व.राजीव गांधी के सशक्त,समृद्ध,और आधुनिक भारत के सपनों को आगे बढ़ाने का कार्य करेंगे।मनोज जाटव,राजेंद्र श्रीवास्तव,वेदपाल तेज़ियांन,मोहन राणा ने कहा कि स्व. राजीव गांधी ने भारत में दूरसंचार और आईटी क्रांति की नींव रखने का कार्य किया।पार्षद सुनील सिंह,सुहेल कुरैशी,सुरेंद्र ठाकुर,चौ.बलजीत सिंह ने कहा कि स्व.राजीव गांधी ने पंचायती राज को लागू करने का कार्य किया।इस अवसर रामयश सिंह,संजय सैनी,गौरव चौहान, आरबीएल वर्मा,मनोज सैनी,सत्यपाल शास्त्री,सौरव सैनी,राजेश चौहान,अशोक धींगान,सतीश दुबे, हाज़ी रफ़ी खान,इकबाल काज़मी,डा.मेहरबान,बृजेश कुमार,राशिद सलमानी,बॉबी,पूर्णचंद,अवधेश कुमार,शहजाद अली,नितिन शर्मा,सुखलाल,मारकंडे,वेदांश कुलश्रेष्ठ,आकाश बिरला,जयराज सिंह, अजीत सिंह आदि मौजूद रहे।
