हरिद्वार संक्षिप्त: जनपद हरिद्वार की प्रमुख ख़बरें, यहां देखें
1 min readअग्रसेन चौक के सौंदर्यकरण की अनुमति मिलने पर भाजपा नेता ने जताया आभार
हरिद्वार। पिछले दिनों वाहन की टक्कर से क्षतिग्रस्त हुए देवपुरा स्थित महाराजा अग्रसेन चौक के पुनर्निर्माण और सौंदर्यकरण की अनुमति मिलने पर वरिष्ठ भाजपा नेता व समाजसेवी डॉ. विशाल गर्ग ने खुशी जताई है। उन्होंने हरिद्वार विकास प्राधिकरण (HRDA) के सचिव मनीष सिंह को धन्यवाद पत्र सौंपकर आभार व्यक्त किया। डॉ. गर्ग ने कहा कि महाराज अग्रसेन ने हमेशा आदर्श समाज और राष्ट्रहित में योगदान दिया और इस चौक का सौंदर्यकरण हमारी सांस्कृतिक पहचान को और मजबूत करेगा।
डीपीएस दौलतपुर में जूनियर सम्मान समारोह आयोजित, मेधावी छात्र सम्मानित

हरिद्वार। डीपीएस दौलतपुर में आयोजित जूनियर सम्मान समारोह के दौरान 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सीओ सिटी शिशुपाल नेगी सहित अन्य गणमान्य लोगों ने दीप प्रज्वलित कर शुरुआत की। 10वीं के श्रेष्ठ मिश्रा, पावनी, नलिनीशा और 12वीं के स्ट्रीम टॉपर्स श्रुति शर्मा, आशी शर्मा व अंशिका को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान कक्षा 3 और 9 के छात्रों ने बिहू व अर्ध-शास्त्रीय नृत्य की शानदार प्रस्तुतियां भी दीं।
पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के खिलाफ युवा कांग्रेस निकालेगी ‘झोटा बुग्गी यात्रा’

हरिद्वार। देश में लगातार बढ़ रही पेट्रोल और डीजल की कीमतों के विरोध में युवा कांग्रेस रविवार को चंद्राचार्य चौक से वाल्मीकि चौक तक ‘झोटा बुग्गी यात्रा’ निकालेगी। ऋषिकुल स्थित कार्यालय पर आयोजित तैयारी बैठक में नवनिर्वाचित जिला उपाध्यक्ष गौरव चौहान और पूर्व प्रदेश महासचिव सागर बेनीवाल ने कहा कि तेल की बढ़ती कीमतों के कारण मालभाड़ा बढ़ रहा है, जिससे आम जरूरत की चीजें महंगी हो गई हैं और आम आदमी का जीना मुहाल हो गया है।
हरिद्वार कुंभ मेले में पर्यावरण संरक्षण के लिए ‘आह्वान अखाड़ा’ चलाएगा महाअभियान

हरिद्वार। आह्वान अखाड़ा आगामी हरिद्वार कुंभ मेले के दौरान संतों और श्रद्धालुओं को पर्यावरण के प्रति जागरूक करने के लिए व्यापक अभियान चलाएगा। अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी के साथ चर्चा के दौरान आह्वान अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अरुण गिरी महाराज ने कहा कि कुंभ क्षेत्र में बड़े पैमाने पर पौधारोपण किया जाएगा। साथ ही, स्नान कर लौटने वाले श्रद्धालुओं को पौधे भेंट कर उनकी देखभाल का संकल्प दिलाया जाएगा।
हरकी पैड़ी पर श्रीमद्भागवत कथा: छठे दिन शामिल हुए प्रख्यात कवि कुमार विश्वास

हरिद्वार। श्रीगंगा सभा के संयोजन में हरकी पैड़ी के मालवीय घाट पर आयोजित की जा रही श्रीमद्भागवत कथा के छठे दिन प्रख्यात कवि और कथावाचक कुमार विश्वास तथा राज्यमंत्री ओम प्रकाश जमदग्नि ने व्यास गद्दी का पूजन कर आशीर्वाद लिया। कुमार विश्वास ने कहा कि धर्म और अध्यात्म की चेतना से ही जीवन बेहतर हो सकता है। कथाव्यास पुण्डरीक गोस्वामी महाराज ने भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं, गोवर्धन लीला और पूतना वध का भावपूर्ण वर्णन करते हुए श्रद्धालुओं को संस्कार और सत्संग अपनाने की प्रेरणा दी।
